‘1-2 मैच खेलने वाले भी ज्ञान बांट रहे हैं, हंसी आती है’, Kohli के सपोर्ट में उतरा पाकिस्तानी खिलाड़ी
वर्ल्ड क्रिकेट में विराट कोहली (Virat Kohli) की फॉर्म चर्चा का बड़ा विषय बनी हुई है। दुनियाभर के क्रिकेट एक्सपर्ट्स पूर्व भारतीय कप्तान की खराब फॉर्म पर अपनी राय दे रहे हैं।
नई दिल्ली, 20 जुलाई: वर्ल्ड क्रिकेट में विराट कोहली (Virat Kohli) की फॉर्म चर्चा का बड़ा विषय बनी हुई है। दुनियाभर के क्रिकेट एक्सपर्ट्स पूर्व भारतीय कप्तान की खराब फॉर्म पर अपनी राय दे रहे हैं। माना जा रहा था इंग्लैंड दौरे पर कोहली का पुराना रूप देखने को मिलेगा, लेकिन पूरे दौरे पर वह किसी भी फॉर्मेट की 6 पारियों में एक अर्धशतक तक नहीं लगा सके। लगातार हो रही आलोचना के बीच पूर्व कप्तान को पाकिस्तानी खिलाड़ी का समर्थन मिला है। विकेटकीपर कामरान अकमल (Kamran Akmal) ने कोहली को सपोर्ट करते हुए कहा कि वह एक बड़े खिलाड़ी है और हर कोई इस दौर से गुजरता है।
ये भी पढ़ें- लीजिए फिर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया... NZ vs IRE टी20 मैच में ब्रेसवेल ने रच दिया इतिहास

बस एक बड़ी पारी की जरूरत
कामरान अकमल ने paktv.tv से कहा, ''वह बिलकुल एक अलग खिलाड़ी है। हर कोई ऐसे दौर से गुजरता है। कुछ खिलाड़ी थोड़े समय के लिए जूझते हैं, तो कुछ लंबे समय तक इस वक्त से गुजरते हैं। कोहली को फॉर्म में लौटने के लिए सिर्फ एक बड़ी पारी की जरूरत है। उनका विश्वास, खेल के प्रति जुनून, उन्हें सबसे अलग बनाता है।''
उन्होंने आगे कहा, ''क्या आपको लगता है कि एक खिलाड़ी, जिसने 70 शतक लगाए हैं, वह उन लोगों की बात सुनेंगे जो उसे बाहर करने के लिए कह रहे हैं। एक-दो मैच खेलने वाले भी कोहली पर अपना ज्ञान बांट रहे हैं। ऐसे लोगों पर मुझे हंसी आती है।''

ब्रेक ले लो.. टीम से ड्रॉप कर दो
विराट कोहली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में पिछले 3 साल से कोई शतक नहीं लगाया है। हाल ही में पूर्व भारतीय कप्तान कपिवल देव ने विराट कोहली को टी20 टीम से बाहर करने की बात कही थी। कपिल का कहना था कि जब टेस्ट टीम से दुनिया के नंबर-2 खिलाड़ी आर अश्विन को बाहर किया जा सकता है, तो विराट को टी20 से क्यों नहीं।
पूर्व खिलाड़ी अजय जडेजा ने तो यहां तक कह डाला था कि अगर मुझे टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम चुनने का मौका मिले तो मैं कभी भी विराट कोहली को अपनी टीम का हिस्सा नहीं बनाऊंगा। माइकल वॉन, ब्रेट ली और कई पूर्व दिग्गज तो पूर्व भारतीय कप्तान को क्रिकेट से लंबा ब्रेक लेने तक की बात कह चुके हैं।

अपने आप निपट लेंगे विराट
पाकिस्तान के लिए 268 इंटरनेशनल मैच खेल चुके कामरान अकमल ने कहा कि विराट को पॉजिटिव रहने की जरूरत है। कामरान के अनुसार, ''फुटवर्क, बैट स्विंग, हेड पोजीशन, शोल्डर .. सब सही हो जाता है। एक खिलाड़ी इन सभी चीजों से अपने आप निपटता है। आपको अपना माइंड सकारात्मक रखना होगा। आप उस बारे सोचें, जो आपने अतीत में अच्छा किया है। बहुत ओपिनियन होंगे लेकिन आपको अपना फोकस बनाए रखना होगा।''

वेस्टइंडीज दौरे के लिए मिला आराम
इंग्लैंड दौरे पर नाकाम होने के बाद विराट कोहली को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज से आराम दिया गया है। माना जा रहा है कि जिम्बाब्वे दौरे पर कोहली की टीम में वापसी होगी। ऑस्ट्रेलिया में होने वाले आगामी टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए विराट के लिए अब हर सीरीज काफी अहम होने वाली है। अगर वह वर्ल्ड कप से पहले फॉर्म में वापसी नहीं कर पाए, तो इस बड़े टूर्नामेंट से उनका पत्ता भी कट सकता है।












Click it and Unblock the Notifications