यूं नहीं चेज मास्टर हैं जॉस बटलर, शतकीय पारी खेल बनाया बड़ा रिकॉर्ड
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में एक तरफ जहां सुनील नारायण ने शतकीय पारी खेलकर हर किसी को अपना मुरीद किया,यहां तक कि किंग खान यानि शाहरुख खान ने भी हाथ फैलाकर उनकी इस पारी की तारीफ की। मैच में केकेआर ने राजस्थान के सामने 225 रन का टार्गेट खड़ा कर दिया।
ऐसे में 121 रन के स्कोर पर जब राजस्थान के 6 विकेट गिर गए तो हर कोई तकरीबन यह मान चुका था कि यह मैच राजस्थान के हाथ से निकल गया है। लेकिन जॉस बटलर के भीतर कुछ और ही चल रहा था।

इस आईपीएल में दूसरी बार बटलर ने शतकीय पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई। बटलर ने केकेआर के खिलाफ 107 रनों की नाबाद पारी खेली और आखिरी गेंद पर विजयी रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
चेज मास्टर जॉस बटलर
यही वजह है कि बटलर को चेज मास्टर कहा जाता है। टी-20 क्रिकेट में चेज करते वक्त सबसे ज्यादा बार शतक लगाकर अपनी टीम को जिताने के मामले में बटलर तीसरे पायदान पर आते हैं। पहले पायदान पर क्रिस गेल हैं जिन्होंने 16 शतकीय पारी चेज करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए खेली। वहीं बाबर आजम ने 8 शतकीय पारी खेली, जबकि बटलर के नाम भी 8 शतकीय पारियां हो गई हैं।
तूफानी पारी
केकेआर के खिलाफ पारी के दौरान एक समय ऐसा था जब बटलर ने 15 गेंद तक कोई बाउंड्री नहीं लगाई थी। लेकिन आखिर में जिस तरह से बटलर ने अपना टॉप गियर लगाया उसमे केकेआर के गेंदबाज हवा में ही नजर आए। बटलर ने 60 गेंदों पर 107 रन बनाए, इस दौरान 6 छक्के और 9 चौके लगाए। बटलर के साथ रोमैन पॉवेल ने भी जबरदस्त पारी खेली और 13 गेंदों पर 26 रनों का योगदान दिया।
सुनील नारायण ने लगाया पहला शतक
मैच में सुनील नारायण की पारी की बात करें तो केकेआर के लिए वह तीसरे ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने केकेआर के लिए शतक जड़ा है। यही नहीं आईपीएल में पहली बार सुनील नारायण ने शतक लगाया है। सुनील नारायण ने महज 49 गेंदों पर शतक जड़ दिया।
6 विकेट गिरने के बाद सर्वाधिक रन जोड़ने का रिकॉर्ड
इस मैच में एक अहम रिकॉर्ड यह बना है कि छह विकेट गिर जाने के बाद चेज करते समय सर्वाधिक रन राजस्थान की टीम ने बनाए हैं। मैच में जब छह विकेट गिरने के बाद राजस्थान की टीम ने 103 रन जोड़ डाले और मैच में जबरदस्त जीत दर्ज की।
स्पिन गेंदबाजों की जमकर पिटाई
राजस्थान की जीत में अहम योगदान केकेआर के स्पिन गेंदबाजों का रहा है। 15 से 20 ओवर के बीच स्पिन गेंदबाजों ने तीन ओवर में 42 रन लुटा दिए और एक भी विकेट नहीं हासिल कर सके।












Click it and Unblock the Notifications