2 साल बाद जोफ्रा आर्चर की वापसी, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ODI सीरीज के लिए हुआ चयन
जोफ्रा आर्चर की दो साल बाद इंग्लैंड की अंतरराष्ट्रीय टीम में वापसी हुई है। जोफ्रा आर्चर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज में टीम में वापसी की है।

Jofra Archer returns in England ODI team दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 27 जनवरी से शुरू होने वाली तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए इंग्लैंड की टीम का ऐलान कर दिया गया है। वनडे टीम में जोफ्रा आर्चर की वापसी हुई है। करीब दो साल के बाद यह तेज गेंदबाज इंग्लैंड की टीम में वापसी करेगा। जोफ्रा आर्चर ने मार्च 2021 में इंग्लैंड के लिए आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला था और तभी से वो चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे थे। चोट की वजह से ही उन्हें टी20 विश्व कप की टीम में भी नहीं चुना गया था। अब 2 साल के बाद जोफ्रा आर्चर टीम में लौट आए हैं। रफ्तार का यह सौदागर इस वनडे सीरीज के बाद आईपीएल में भी खेलता हुआ नजर आएगा।
2019 विश्व कप में जोफ्रा ने गेंदबाजी से दिखाया था जलवा
आपको बता दें कि जोफ्रा आर्चर ने इंग्लैंड के लिए खेलते हुए मार्च 2019 में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। अपनी तेज रफ्तार की गेंदबाजी के दम पर पहचान बनाने वाले जोफ्रा आर्चर ने 2019 विश्व कप में इंग्लैंड की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। जोफ्रा 2019 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। 27 वर्षीय जोफ्रा आर्चर कोहनी संबंधित चोट की वजह से दो साल तक क्रिकेट से दूर रहे। हाल ही में उनकी सर्जरी हुई और पिछले महीने उन्होंने अपनी प्रैक्टिस शुरू की।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए 14 सदस्यीय टीम में जोस बटलर (कप्तान), मोईन अली, जोफ्रा आर्चर, हैरी ब्रुक, सैम कुरेन, बेन डकेट, डेविड मलान, आदिल राशिद, जेसन रॉय, फिल सॉल्ट, ओली स्टोन, रीस टॉप्ले, डेविड विली और क्रिस वोक्स को शामिल किया गया है।
आपको बता दें कि यह सीरीज साल 2020 में कोरोना के कारण स्थगित कर दी गई थी, जिसे अब जनवरी 2023 में आयोजित किया जाएगा। इस सीरीज के तीन मैच 27 जनवरी से शुरू होंगे और 6 जनवरी को सीरीज का आखिरी मैच होगा।












Click it and Unblock the Notifications