जेमिमा के शतक से भारत का सर्वाधिक रन चेज का रिकॉर्ड, ऑस्ट्रेलिया को किया बाहर, वर्ल्ड कप फाइनल में बनाई जगह
IND vs AUS: भारत ने सात बार की वर्ल्ड चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया को वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में पराजित कर बाहर कर दिया, टीम इंडिया ने 339 रनों का स्कोर चेज कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया, जेमिमा ने नाबाद शतक जमाया। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच फाइनल होगा।
ऑस्ट्रेलिया के लिए फिबे लिचफील्ड ने धांसू अंदाज में बैटिंग करते हुए विकेट के चारों तरफ शॉट जमाए। वह अपना शतक पूरा करने में सफल रहीं। टी20 क्रिकेट के अंदाज में खेलते हुए लिचफील्ड ने 93 गेंदों का सामना करते हुए 17 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 119 रनों की पारी खेली। उनकी धाकड़ बैटिंग की बदौलत ऑस्ट्रेलियाई टीम बड़े स्कोर की तरफ अग्रसर हुई। उनके अलावा एलिस पेरी ने 77 और एश्ले गार्डनर ने 63 रनों की पारी खेली।

भारत के लिए दीप्ति शर्मा और श्री चारनी ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट अपने नाम किये। क्रान्ति गौड़, अमनजोत और राधा यादव के खाते में 1-1 विकेट आया।
जवाबी पारी में खेलते हुए भारतीय टीम की खराब शुरुआत रही। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना का बल्ला नहीं चल पाया। दोनों ही अपना विकेट फेंककर चलती बनीं। शेफाली ने 10 रन बनाए और मंधाना ने 24 रनों की पारी खेली।
मुश्किल स्थिति में हरमनप्रीत कौर ने 2017 के वर्ल्ड कप सेमीफाइनल की वह पारी याद दिलाई, जब उन्होंने 171 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को हराया था। इस बार हरमन ने जेमिमा रोड्रिग्स के साथ मिलकर स्कोर 226 रनों तक पहुंचा दिया था लेकिन दुर्भाग्य से अपना शतक पूरा करने से पहले 89 रन के स्कोर पर चलती बनीं।
जेमिमा ने रचा इतिहास
उधर जेमिमा रोड्रिग्स ने क्रीज पर खड़े होकर हरमनप्रीत का साथ दिया और फिफ्टी पूरी करने के बाद भी टिकी रहीं। जेमिमा इस जीत की अहम सूत्रधार रहीं, वह शतक जड़ने के बाद अंत तक क्रीज पर टिकी रहीं और 134 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 127 रन बनाए। उनके साथ अमनजोत भी खड़ी रहीं और नाबाद 15 रन ठोके। भारत ने 9 गेंद शेष रहते 5 विकेट पर 341 रन बनाकर इतिहास रच दिया और अब फाइनल में दक्षिण अफ्रीका से मैच 2 नवंबर को होगा।












Click it and Unblock the Notifications