जसप्रीत बुमराह को लेकर आई बड़ी खबर, इस टीम के खिलाफ सीरीज से करेंगे वापसी
Jasprit Bumrah's return: पिछले साल सितम्बर से बाहर चल रहे जसप्रीत बुमराह तेजी से रिकवर हो रहे हैं और उनको लेकर सकारात्मक खबरें भी आ रही हैं। बुमराह की रिकवरी और फिटनेस अच्छी तरह हो रही है और वह टीम इंडिया में वापसी करने के लिए तैयार हो रहे हैं।
आयरलैंड के खिलाफ सीरीज के साथ बुमराह टीम इंडिया में वापसी कर सकते हैं। भारतीय टीम को सितम्बर में एशिया कप और बाद में अक्टूबर में वनडे वर्ल्ड कप के लिए मैदान पर उतरना है। इससे पहले बुमराह को गेम टाइम चाहिए होगा और वह आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज खेल सकते हैं।

न्यूज 18 के अनुसार एनसीए के एक अधिकारी ने कहा है कि इस साल अगस्त में होने वाली आयरलैंड सीरीज के लिए जसप्रीत बुमराह काफी अच्छे दिख रहे हैं। लम्बी इंजरी के बाद उनको टीम में आने का मौका मिलेगा और टीम इंडिया के लिए भी यह एक शानदार बूस्ट होगा। बुमराह फिटनेस हासिल करने की टॉप स्थिति में है और सब कुछ ठीक रहा तो वह जल्दी ही मैदान पर होंगे।
गौरतलब है कि बुमराह पर एनसीए में वीवीएस लक्ष्मण की नज़रें थीं। उनको अच्छी तरह से फिटनेस हासिल करने में मदद करना प्राथमिकता में था। बुमराह भी अब एनसीए में अच्छी तरह अपना काम कर रहे हैं। सर्जरी के बाद वह रंगत में आने की कोशिश में हैं।
गौरतलब है कि जसप्रीत बुमराह को पीठ में चोट थी और इसके लिए उनको सर्जरी कराने की आवश्यकता थी। बुमराह ने न्यूजीलैंड जाकर ऑपरेशन कराया और वहां से आने के बाद रिहैब के लिए एनसीए में गए। हालांकि उनकी कमी भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप में खली, इसके अलावा घरेलू टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी उनकी कमी महसूस हुई। भारतीय टीम को वेस्टइंडीज दौरे पर भी जाना है, देखना होगा कि बुमराह की वापसी को लेकर अगले कुछ दिनों में क्या अपडेट सामने आता है।












Click it and Unblock the Notifications