41 साल के होने जा रहे जेम्स एंडरसन ने बनाया रिकॉर्ड, कमिंस-अश्विन को पछाड़कर नंबर 1 बॉलर बने
James Anderson: जेम्स एंडरसन ने आईसीसी की ताजा वर्ल्ड टेस्ट गेंदबाजी रैकिंग में पैट कमिंस को पीछे छोड़कर नंबर एक बॉलर का खिताब हासिल किया। 40 साल और 207 दिनों की उम्र में जिमी ने रिकॉर्ड बनाया है।

ICC Test Rankings: इंग्लैंड के महानतम गेंदबाज जेम्स एंडरसन का अचंभित करने वाला करियर 40 की उम्र के बाद नई ऊंचाइयों तक पहुंच रहा है। यह इतनी हैरान करनी बात है क्योंकि एक तेज गेंदबाज के लिए तो 35 साल की उम्र के बाद संन्यास लेने की नौबत आ जाती है जेम्स पुरानी शराब की तरह निखर रहे हैं। उन्होंने हाल में ही न्यूजीलैंड की धरती पर खेले पहले मुकाबले में 7 विकेट हासिल किए थे। इसके साथ ही करिश्माई गेंदबाज ने ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस और भारत के स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को पीछे छोड़ते हुए आईसीसी मेन्स टेस्ट रैंकिंग में नंबर 1 रैंक का गेंदबाज बनने का गौरव हासिल किया है।
पैट कमिंस की बादशाहत समाप्त-
दूसरी और युवा पैट कमिंस हैं जो अपनी खराब कप्तानी और मैदान में आगे बढ़कर अगुवाई ना करने के चलते आलोचना के केंद्र में रहे हैं। हद तब हो गई जब वे भारत के मुश्किल दौरे पर चरम पर हो रही फजीहत से दूर भागते हुए पर्सनल कारण बताकर अपने घर वापस लौट गए। इन दो टेस्ट मैचों में कमिंस ने बहुत ही खराब बॉलिंग की थी और ऑस्ट्रेलिया दोनों मैच हारा। पैट कमिंस ने चार साल तक आईसीसी की रैंकिंग में नंबर एक गेंदबाज के तौर पर शासन किया।
वहीं यह छठी बार है एंडरसन ने टेस्ट रैंकिंग में प्रमुख गेंदबाज के रूप में खिताब अपने नाम किया है। 40 साल की उम्र में ये सब करने का मतलब है अभी रिटायरमेंट के बारे दूर तक ना सोचा जाए और देखा जाए कि मनुष्य की सीमाएं क्या हैं क्योंकि क्रिकेट में लोगों का नजरिया बहुत ही रुढ़िवादी होता है। कोई कल्पना भी नहीं कर सकता है 41 साल का होने जा रहा कोई इंसान एक तेज गेंदबाज के तौर पर इंटरनेशनल क्रिकेट के शिखर पर होगा। जिमी ने नए कोच ब्रेंडन मैकुलम के तहत करियर का एक नया नजरिया पाया है क्योंकि इंग्लैंड ने अपने पिछले 11 टेस्ट मैचों में से 10 जीत दर्ज की हैं और अब सब अंग्रेजों को देखकर ही त्राहिमाम करने लगते हैं।
शेन वार्न का रिकॉर्ड तोड़ने पर नजरें-
सबसे बड़ी बात ये है कि एंडरसन 682 टेस्ट विकेट पर कब्जा जमा चुके हैं और 700 विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज बनने की ओर हैं। ये कारनामा अभी तक शेन वार्न और मुरलीधरन ने ही किया लेकिन दोनों ही महान स्पिनर थे। एक तेज गेंदबाज के तौर पर कोई इस रिकॉर्ड को छूने की अभी तक सोच भी नहीं सकता।
41 साल के होने जा रहे जेम्स एंडरसन ने बनाया रिकॉर्ड
40 साल और 207 दिनों की उम्र में शीर्ष पर पहुंचने का मतलब यह भी है कि एंडरसन 1936 में ऑस्ट्रेलियाई महान क्लेरी ग्रिमेट के बाद शीर्ष रैंकिंग हासिल करने वाले सबसे उम्रदराज गेंदबाज हैं। हालांकि जिमी की बढ़त बहुत कम है, अश्विन कुल 864 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं और इंग्लैंड के तेज गेंदबाज से सिर्फ दो रेटिंग अंक पीछे हैं। पूरी उम्मीद है बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दो मैचों के बाद रविचंद्रन नंबर एक बन जाएंगे क्योंकि वे उन पिचों पर खेल रहे हैं जहां उन्हें विकेट थोक में हासिल होते हैं।












Click it and Unblock the Notifications