ईशान किशन क्यों पहनते हैं 32 नम्बर जर्सी, महेंद्र सिंह धोनी सहित कई चीजों को लेकर किया बड़ा खुलासा
ईशान किशन ने बीसीसीआई के एक वीडियो में कई बातों के बारे में जानकारी दी है, उन्होंने धोनी को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है।

Ishan Kishan: भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज ईशान किशन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बेहद कम समय में अपनी छाप छोड़ी है। ईशान किशन ने बांग्लादेश में दोहरा शतक जड़ते हुए एकदिवसीय क्रिकेट में बड़ा धमाका किया था। अपने अब तक के क्रिकेटिंग सफर पर बातचीत करते हुए किशन ने कुछ बड़े खुलासे किए हैं। ईशान किशन ने क्रिकेट में अपने सफर की शुरुआत का कारण भी बताया है। इसके अलावा वह 32 नंबर की जर्सी क्यों पहनते हैं, इसके पीछे की वजह का खुलासा किया है।

32 नम्बर की जर्सी क्यों पहनते हैं
ईशान किशन अपनी मम्मी के कहने पर भारतीय टीम में 32 नंबर की जर्सी पहनते हैं। बीसीसीआई द्वारा पोस्ट एक वीडियो में इस पर बात करते हुए किशन ने कहा कि मैं 23 नंबर की जर्सी पहनना चाहता था। यह नंबर पहले से ही कुलदीप यादव के पास था, इसलिए मैंने मम्मी को पूछा और उन्होंने मुझे 32 नंबर की जर्सी पहनने की सलाह दी। इसके बाद मैंने अपनी जर्सी के लिए यह नंबर चुन लिया।

भारत के लिए खेलना लक्ष्य था
प्रोफेशनल क्रिकेटर बनने का फैसला लेने की कहानी बताते हुए ईशान किशन ने कहा कि मैंने 14 साल की उम्र में तय कर लिया था कि मुझे प्रोफेशनल क्रिकेटर बनना है। मेरा पहला लक्ष्य था कि मैं अंडर-19 में भारतीय टीम के लिए खेलूं। इसके बाद अगला लक्ष्य सीनियर टीम के लिए खेलना था और आज मैं यहां तक पहुंच गया हूं। मेरा भारत के लिए खेलने का सपना पूरा हो गया।

महेंद्र सिंह धोनी हैं आइडल
किशन ने क्रिकेट में अपना आइडल पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को बताया है। उन्होंने कहा कि मैं धोनी को खेलते हुए देखकर ही बड़ा हुआ हूं और उनसे ही प्रेरणा मिली। मैं भी झारखंड हूं और वह भी झारखंड से ही थे। इंडिया से खेलना है, यह सोचकर मैं झारखंड आया था। इसके अलावा इशान किशन ने कहा कि 18 साल की उम्र में महेंद्र सिंह धोनी ने मेरा ऑटोग्राफ लिया था जो मेरे लिए एक यादगार पल है। धोनी द्वारा मुझसे लिया गया वह ऑटोग्राफ आज तक मेरे पास है।












Click it and Unblock the Notifications