मैदान पर भिड़ गए इरफ़ान पठान और युसूफ पठान, करारी हार के बाद भी सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय टीम
वर्ल्ड चैम्पियंशिप ऑफ़ लीजेंड्स में भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में करारी हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम का लीग चरण में यह अंतिम मुकाबला था। इस हार के बाद भी टीम इंडिया को अगले चरण में जाने का मौका मिल गया।
दक्षिण अफ्रीका से भारतीय टीम को 54 रनों से पराजित होना पड़ा लेकिन टीम इंडिया ने सेमीफाइनल तक का सफर तय कर लिया है। मैच के दौरान भारतीय टीम के दो भाइयों इरफ़ान पठान और युसूफ पठान के बीच कहासुनी देखने को मिली, इसका वीडियो भी वायरल हुआ।

दरअसल भारतीय टीम के चेज के समय इरफ़ान और युसूफ दोनों क्रीज पर थे। इरफ़ान ने हवा में शॉट खेलकर दौड़ लगा दी। एक रन पूरा होने तक कैच नहीं पकड़ा जा सका और इरफ़ान पठान दूसरे रन के लिए दौड़े। युसूफ पठान देखते रहे। तब तक नॉन स्ट्राइक छोर पर इरफ़ान को रन आउट कर दिया गया।
इसे देखकर इरफ़ान पठान को गुस्सा आ गया और वह अपने बड़े भाई को कुछ कहते हुए वहां से निकल गए। इसके बाद वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फ़ैल गया। हालांकि युसूफ पठान ने उनको कुछ नहीं कहा। जब इरफ़ान आउट हुए थे, उस समय 2 ओवर का खेल बचा था और भारत को काफी रनों की दरकार थी। इरफ़ान पठान 34 रन बनाकर आउट हो गए।
पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका चैम्पियंस ने धाकड़ बैटिंग की और 8 विकेट पर 210 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। जवाबी पारी में खेलते हुए इंडिया चैम्पियंस की पारी लड़खड़ा गई। इंडिया चैम्पियंस ने अपनी पारी में 6 विकेट पर 156 रनों का स्कोर हासिल किया और मैच गंवा दिया। युसूफ पठान 54 रन बनाकर नाबाद लौटे।
भारत की हार जरुर हुई लेकिन तालिका में भारतीय टीम टॉप चार में रही इसलिए सेमीफाइनल में जगह मिल गई। सेमीफाइनल में भारतीय टीम का सामना ऑस्ट्रेलियाई टीम से होना है। उधर पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच भी सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications