T20 World Cup 2026 के लिए इस टीम ने किया खिलाड़ियों का ऐलान, GT के लिए IPL खेल चुके इस दिग्गज को मिला मौका
T20 World Cup 2026, Ireland Team: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए आयरलैंड ने अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। अनुभवी बल्लेबाज पॉल स्टर्लिंग एक बार फिर वर्ल्ड कप टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। आयरलैंड की इस टीम में अनुभव और युवा जोश का एक शानदार संतुलन देखने को मिल रहा है। टीम के कई युवा खिलाड़ियों को पहली बार मौका दिया गया है। गुजरात के लिए साल 2023 में आईपीएल खेलने वाले जोश लिटिल को भी टीम में शामिल किया गया है।
आयरलैंड के लिए आसान नहीं होगी राह (T20 World Cup 2026, Ireland Team)
आयरलैंड को टूर्नामेंट के ग्रुप-बी में रखा गया है, जिसे काफी चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। इस ग्रुप में उनके साथ ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसी दिग्गज टीमें मौजूद हैं, जबकि ओमान की टीम भी उलटफेर करने में सक्षम है। नॉकआउट चरण तक पहुंचने के लिए आयरलैंड को अपनी सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलनी होगी। ऐसे में आयरलैंड के खिलाड़ियों को बेस्ट प्रदर्शन देना होगा।

अनुभवी खिलाड़ियों से मिलेगा फायदा
टीम में मार्क एडेयर, कर्टिस कैंपर और जॉर्ज डॉकरेल जैसे अनुभवी सितारों को शामिल किया गया है। खास बात यह है कि टीम में 'टेक्टर भाइयों' (हैरी और टिम टेक्टर) की जोड़ी भी एक साथ नजर आएगी, जिनसे मध्यक्रम में मजबूती की उम्मीद है। लोर्कन टकर को टीम का उप-कप्तान नियुक्त किया गया है। आयरलैंड के नेशनल सेलेक्टर एंड्रयू व्हाइट ने टीम चयन पर संतोष व्यक्त किया है।
एंड्रयू व्हाइट ने टीम चयन पर कही बड़ी बात
उन्होंने कहा कि हम इस विश्व कप का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। 2022 में हमारा प्रदर्शन यादगार था, लेकिन 2024 में हम अपनी लय में नहीं थे। पिछले 18 महीनों में हमने कई कॉम्बिनेशन आजमाए हैं और अब हम एक संतुलित टीम के साथ तैयार हैं। व्हाइट ने आगे बताया कि 2024 के स्क्वाड से 12 खिलाड़ियों को बरकरार रखा गया है, जो टीम की स्थिरता को दर्शाता है। वहीं, मैथ्यू हम्फ्रीज और बेन कैलिट्ज़ जैसे नए चेहरों के आने से टीम को एक नई ऊर्जा मिली है।
आयरलैंड का 15 सदस्यीय स्क्वाड
पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), लोर्कन टकर (उप-कप्तान), मार्क एडेयर, रॉस एडेयर, बेन कैलिट्ज़, कर्टिस कैंपर, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, मैथ्यू हम्फ्रीज, जोश लिटिल, बैरी मैकार्थी, हैरी टेक्टर, टिम टेक्टर, बेन व्हाइट और क्रेग यंग।












Click it and Unblock the Notifications