SRH के संकटमोचन बने राहुल त्रिपाठी, फिर हुए दुर्भाग्य के शिकार, सीढ़ियों पर बैठकर लगे रोने
IPL Qualifier 1 KKR vs SRH: आईपीएल 2024 के पहले क्वालीफायर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने निराशाजनक प्रदर्शन किया है। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पेट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पेट कमिंस के फैसले को मिचेल स्टार्क ने गलत साबित करते हुए पहले ही ओवर में टीम को बड़ी सफलता दिला दी।
ट्रेविस हेड फिर हुए फ्लॉप
सनराइजर्स हैदराबाद के लिए विस्फोटक बल्लेबाजी करने वाले ट्रेविस हेड बिना खाता खोले ही मिचेल स्टार्क की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। इस सीजन लगातार दूसरी बार ट्रेविस हेड गोल्डन डक का शिकार हुए। इससे पहले पंजाब किंग्स के खिलाफ अर्शदीप सिंह ने ट्रेविस हेड को बिना खाता खोले ही पवेलियन भेज दिया था।

संकटमोचन बने राहुल त्रिपाठी
इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से राहुल त्रिपाठी संकट मोचन बनाकर सामने आए। राहुल त्रिपाठी ने चार विकेट गिरने के बाद भी तेज गति से रन बनाने का सिलसिला जारी रखा। एसआरएच की टीम ने 39 के स्कोर पर ही चार खिलाड़ियों का विकेट गंवा दिया था। हालांकि, राहुल त्रिपाठी एक छोर पर डटे रहे और टीम के लिए चौके छक्के लगाते रहे। हालांकि, राहुल त्रिपाठी दुर्भाग्यवश रन आउट होकर वापस पवेलियन लौट गए।
सीढ़ियों पर बैठकर लगे रोने
राहुल त्रिपाठी ने 35 गेंद पर 55 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने कुछ आकर्षक शॉट भी लगाया। अब्दुल समद के साथ मिस कम्युनिकेशन के चक्कर में वह रन आउट हो गए। आउट होने के बाद राहुल त्रिपाठी की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस तस्वीर में राहुल त्रिपाठी सीढ़ियों पर बैठ बैठकर रोते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने इस दौरान अपना चेहरा छिपा रखा है।
इससे पहले राहुल त्रिपाठी की एक तस्वीर महेश बाबू के साथ भी वायरल हुई थी। साउथ सिनेमा के सुपरस्टार महेश बाबू ने पिछले महीने ही राहुल त्रिपाठी के साथ मुलाकात की थी। जिसकी तस्वीर त्रिपाठी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की थी।












Click it and Unblock the Notifications