IPL की ब्रांड वैल्यू में पिछले साल के मुकाबले 80 फीसदी की बढ़ोतरी, जानें किस टीम को हुआ सबसे ज्यादा फायदा
Indian Premier League: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की एंटरप्राइज वैल्यू (Enterprise value) एकल आधार पर साल 2023 में 15.4 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गई है। पिछले साल की तुलना में यह 80 प्रतिशत की भारी भरकम बढ़ोतरी है। न्यूयॉर्क स्थित ग्लोबल इन्वेस्टमेंट बैंक हुलिहान लोकी (Houlihan Lokey) ने अपनी रिपोर्ट में यह बड़ा खुलासा किया है।
दरअसल, साल 2008 में शुरू हुआ आईपीएल वैश्विक स्तर पर स्टार्टअप यूनिट्स के वैल्यू की लिस्ट में 16वें स्थान पर है। मार्केट कैपिटलाइजेशन के लिहाज से यह टॉप लिस्टेड कंपनियों में 43वें स्थान पर है, और सोमवार तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इसने ब्रिटानिया को भी पीछे छोड़ दिया है। अब आईपीएल की ब्रांड वैल्यू 26,600 करोड़ रुपए के करीब पहुंच गई है।

अभी और बढ़ सकती है आईपीएल की ब्रांड वैल्यू
हुलिहान लोकी की रिपोर्ट के मुताबिक, 2023-28 के लिए मीडिया राइट्स के आवंटन से आईपीएल को मोटी कमाई हुई है, जो इसकी ब्रांड वैल्यू में भारी बढ़ोतरी का एक प्रमुख कारण है। आईपीएल के लिए मीडिया अधिकार जियो सिनेमा और डिज्नी-स्टार ने पिछले पांच वर्षों के लिए हुए सौदे की तुलना में तीन गुना रकम पर खरीदे हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि, ओटीटी की बढ़ती लोकप्रियता और दुनिया में आईपीएल की पहुंच बढ़ने से आईपीएल की वैल्यू और बढ़ सकती है।
ब्रांड वैल्यू में सबसे आगे निकली धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स
हुलिहान लोकी (Houlihan Lokey) द्वारा जारी रिपोर्ट में सभी 10 फ्रेंचाइजी की ब्रांड वैल्यू का मूल्यांकन किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, आईपीएल की सभी 10 टीमों की वैल्यू भी बढ़ गई है। चेन्नई सुपर किंग्स की ब्रांड वैल्यू लगभग 1,760 करोड़ रुपये (212 मिलियन) बताई गई है। इसके बाद दूसरे नंबर पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का नाम है, जिसकी वैल्यू 195 मिलियन (करीब 1607 करोड़ रुपये) है, तीसरे स्थान पर मुंबई इंडियंस का नाम है, जिसकी वैल्यू 190 मिलियन (करीब 1566 करोड़ रुपये) है।
चौथे नंबर पर कोलकाता नाइटराइडर्स की ब्रांड वैल्यू 181 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 1491 करोड़ रुपये) है, और पांचवे नंबर पर दिल्ली कैपिटल्स की ब्रांड वैल्यू 133 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 1096 करोड़ रुपये) है।आईपीएल फ्रेंचाइजियों की ब्रांड वैल्यू के मामले में सबसे आखिरी स्थान पर लखनऊ सुपर जायंट्स का नाम है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि जब प्रति मैच के आधार पर आईपीएल के प्रसारण शुल्क की तुलना दुनिया की अन्य पेशेवर लीगों से की जाती है, तो आईपीएल का प्रदर्शन एनबीए (US), इंग्लिश प्रीमियर लीग (UK) और बुंडेसलीगा (जर्मनी) से काफी ऊपर है, और नेशनल फुटबॉल लीग (यूएस के एनएफएल) के बाद दूसरे स्थान पर है।












Click it and Unblock the Notifications