10.75 करोड़ रुपए में खरीदने से पहले ही RCB ने हर्षल पटेल को बोल दी थी बड़ी बात
बेंगलुरु, 13 फरवरी: ऑल राउंडर हर्षल पटेल की किस्मत आईपीएल 2022 की नीलामी में ऐसी खुली कि वे 10.75 करोड रुपए में उस फ्रेंचाइजी के पास चले गए जिसके साथ उनकी आईपीएल यात्रा बड़ी अहम हुई है। यह फ्रेंचाइजी है- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु। जैसे ही हर्षल पटेल का नाम बोली के लिए आया तो आरसीबी ने बिना समय गवाएं 31 साल के खिलाड़ी के लिए बिड करनी शुरू कर दी। हालांकि और भी फ्रेंचाइजी पटेल को लेना चाहती थी।

हर्षल पटेल के साथ पहले ही हो गई थी बातचीत-
चेन्नई सुपर किंग्स ने नीलामी की शुरुआत की लेकिन जैसे ही रकम 4.40 करोड़ों पर पहुंच गई तो येलो जर्सी ने अपने हाथ खींच लिए। इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद भी तस्वीर में आया और आरसीबी के साथ उनका कांटे का मुकाबला चला लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मानो हर्षल पटेल को अपनी टीम में लेने की ठान रखी थी। आखिरकार 10.75 करोड़ की भारी-भरकम रकम में हर्षल पटेल फिर से आरसीबी के हो गए। हर्षल पटेल ने दिलचस्प जानकारी दी है और बताया है कि नीलामी शुरू होने से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने उसे क्या कहा था।

बातचीत का खुलासा-
पटेल ने नीलामी के दूसरे दिन क्रिकेट लाइव पर बातचीत करते हुए खुलासा किया कि सनराइजर्स हैदराबाद ने उनको बताया था कि अगर वह हर्षल पटेल को रिटेन करते हैं तो फ्रेंचाइजी को केवल 6 करोड़ ही पटेल को देने होंगे। जबकि उनके पर्स से 9 करोड रुपए चले जाएंगे क्योंकि हर्षल पटेल ऐसी स्थिति में रिटेन किए जाने वाले चौथे खिलाड़ी होते।
पटेल कहते हैं कि फ्रेंचाइजी ने आगे कहा- तो हम नहीं चाहते कि ऐसा हो। इसके बजाय हम चाहते हैं कि तुम नीलामी में जाओ और वह पैसा कमाओ और हम अपना बेस्ट ट्राई करेंगे कि तुम हमारे खेमे में वापस आ जाओ। तो बस केवल यही बातचीत हुई।

रकम से बड़ा RCB का विश्वास है- हर्षल पटेल
हर्षल पटेल पुराने आईपीएल खिलाड़ी हैं और 2010 में मुंबई इंडियंस ने भी उनको लिया था। 2012 सीजन में आरसीबी में उनको लिया जहां वे 2017 तक बने रहे और फिर 2018 एडिशन में दिल्ली डेयरडेविल्स के पास चले गए। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ अपनी एक और वापसी पर बातचीत करते हुए हर्षल पटेल बताते हैं- जब आरसीबी ने मुझे दिल्ली से वापस ट्रेड किया तब उन्होंने मुझे काफी बड़ा अवसर और जिम्मेदारी दी थी। उन्होंने मेरा सपोर्ट किया और मुझ में कुछ पाया और यह बात मेरे लिए काफी बड़ी थी। निश्चित तौर पर काफी बड़ी रकम मिली है लेकिन जिस तरह का विश्वास उन्होंने मुझ में दिखाया है वह मेरे लिए काफी मायने रखता है।

पिछले सीजन के टॉप बॉलर हर्षल पटेल-
आपको बता दें आरसीबी ने नीलामी से पहले विराट कोहली, मोहम्मद सिराज और ग्लेन मैक्सवेल को रिटेन किया था। पटेल ने आईपीएल में पिछले सीजन के दौरान अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था और वह एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले संयुक्त तौर पर टॉप के बॉलर थे। हर्षल पटेल ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 5 विकेट लेने के साथ साथ पिछले सीजन में 32 विकेट चटकाए थे।












Click it and Unblock the Notifications