IPL 2026: KKR के लिए Sunil Narine ने रचा इतिहास, रोहित ने भी जड़ा आईपीएल का सबसे तेज अर्धशतक
IPL 2026 Sunil Narine: आईपीएल 2026 (IPL 2026) के दूसरे मुकाबले में वानखेड़े स्टेडियम में चौके-छक्कों की बारिश देखने को मिली। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के मिस्ट्री स्पिनर सुनील नरेन ने मैदान पर कदम रखते ही एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। यह रिकॉर्ड बनाते ही नरेन ने मुंबई इंडियंस के दिग्गज कीरोन पोलार्ड को पीछे छोड़ दिया है। नरेन अब आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं।
मैच शुरू होते ही नरेन ने रचा इतिहास (IPL 2026 Sunil Narine)
मैच शुरू होने से पहले जैसे ही केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने प्लेइंग-11 की घोषणा की, सुनील नरेन के नाम यह रिकॉर्ड दर्ज हो गया। नरेन अपना 190वां आईपीएल मैच खेल रहे हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के ही अपने पूर्व साथी कीरोन पोलार्ड (189 मैच) को पीछे छोड़ दिया है। इस लिस्ट में अब नरेन (190) टॉप पर हैं, उनके बाद पोलार्ड (189), एबी डिविलियर्स (184), डेविड वॉर्नर (184) और ड्वेन ब्रावो (161) का नंबर आता है।

केकेआर की जबरदस्त शुरुआत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता ने मुंबई के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। वानखेड़े की सपाट पिच पर केकेआर ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 220 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। फिन एलन (37 रन, 17 गेंद) और अजिंक्य रहाणे ने पहले विकेट के लिए महज 32 गेंदों पर 69 रन जोड़कर मुंबई को बैकफुट पर धकेल दिया। रहाणे ने मोर्चे से अगुवाई करते हुए 40 गेंदों पर 67 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 5 छक्के और 3 चौके शामिल थे।
रोहित शर्मा ने जड़ा अर्धशतक
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या का पहले गेंदबाजी करने का फैसला शुरुआत में भारी पड़ता दिखा। हालांकि, शार्दुल ठाकुर ने वापसी कराते हुए 3 विकेट झटके, लेकिन तब तक केकेआर एक बड़ा स्कोर बना चुका था। हार्दिक को भी एक सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने भी धमाकेदार शुरुआत की और पावरप्ले में 80 रन जड़ दिए। रोहित शर्मा ने 23 गेंदों में अर्धशतक जड़ने का काम किया। यह रोहित के आईपीएल करियर का सबसे तेज अर्धशतक है। इससे पहले रोहित का आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक 25 गेंदों में था।












Click it and Unblock the Notifications