CSK vs PBKS: 11 गेंदें, 4 छक्के और 39 रन, प्रियांश आर्या ने छीनी चेन्नई से जीत! मैच में बने कई बड़े रिकॉर्ड
IPL 2026, CSK vs PBKS: आईपीएल 2026 के सातवें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को उनके ही घर में हराकर सीजन की लगातार दूसरी जीत दर्ज की। 210 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान श्रेयस अय्यर के कप्तानी अर्धशतक और ओपनर्स की आतिशी शुरुआत ने पंजाब को अंक तालिका में मजबूती से आगे बढ़ा दिया है। वहीं, चेन्नई के लिए यह हार कई सवाल छोड़ गई है।
प्रियांश की बल्लेबाजी ने छीना मैच (IPL 2026, CSK vs PBKS)
भले ही लक्ष्य 210 रनों का था, लेकिन मैच का असली रुख पंजाब के युवा ओपनर प्रियांश आर्या ने तय किया। प्रियांश ने केवल 11 गेंदें खेलीं, लेकिन उनमें 3 चौके और 4 छक्के जड़कर 39 रन कूट दिए। प्रियांश की इस विध्वंसक शुरुआत ने जरूरी रन-रेट के दबाव को पूरी तरह खत्म कर दिया। उनके आउट होने के बाद आने वाले बल्लेबाजों के लिए काम आसान हो गया और पंजाब ने पावरप्ले का भरपूर फायदा उठाया।

संजू के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड
राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड होकर चेन्नई आए संजू सैमसन के लिए चेपॉक का मैदान अब तक अभिशाप साबित हुआ है। सीजन के पहले मैच में 6 रन बनाने वाले संजू आज केवल 7 रन बना सके। जेवियर बार्टलेट की बाहर निकलती गेंद पर वे गच्चा खा गए। चेपॉक के मैदान पर संजू का रिकॉर्ड बेहद खराब है। यहां खेले 6 मैचों में उन्होंने महज 11 की औसत से केवल 66 रन बनाए हैं। चेन्नई जैसी टीम के लिए उनके टॉप-ऑर्डर का इस तरह बिखरना चिंता का विषय है।
विकेट के लिए तरस रहे टीम इंडिया के स्टार
आईपीएल 2026 में भारत के प्रीमियर टी-20 गेंदबाज अर्शदीप सिंह की फॉर्म पंजाब के लिए चिंता का सबब बनी हुई है। गुजरात के खिलाफ 0/42 के बाद चेन्नई के खिलाफ भी अर्शदीप ने 0/41 के महंगे आंकड़े दर्ज किए। पारी के 15वें ओवर में सरफराज खान ने उन्हें लगातार तीन चौके जड़े, तो वहीं 20वें ओवर में शिवम दुबे ने उनकी गेंदों पर तीन बाउंड्री बटोरीं। दो मैचों में उन्होंने 80 से ज्यादा रन लुटाए हैं और एक भी विकेट हासिल नहीं किया है।
आयुष म्हात्रे ने 'मिस्टर आईपीएल' को पछाड़ा
मैच में चेन्नई के लिए एकमात्र सुखद खबर 18 साल के आयुष म्हात्रे रहे। म्हात्रे ने महज 18 साल 261 दिन की उम्र में अर्धशतक जड़कर सुरेश रैना (21 साल 148 दिन) का चेपॉक में सबसे युवा अर्धशतकवीर होने का 18 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने 43 गेंदों में 73 रन (5 छक्के, 6 चौके) बनाए और ऋतुराज गायकवाड़ के साथ 96 रनों की साझेदारी कर टीम को 209 के स्कोर तक पहुंचाया।












Click it and Unblock the Notifications