IPL 2026: लाखों का खिलाड़ी, करोड़ों पर भारी! सरफराज खान के सामने फीके पड़े CSK के 28 करोड़ी सूरमा
IPL 2026 Chennai super kings: आईपीएल 2026 (IPL 2026) में चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai super kings) की कहानी पिछले सीजन की तरह ही नजर आ रही है। चैंपियन आरसीबी जहां टॉप पर काबिज है, वहीं सीएसके लगातार तीन हार के बाद अंक तालिका में सबसे नीचे संघर्ष कर रही है। टिम डेविड की 25 गेंदों में 70 रनों की तूफानी पारी ने चेन्नई के 207 रनों के स्कोर को भी बौना साबित कर दिया।
चेन्नई का फ्लॉप प्रदर्शन जारी (IPL 2026 Chennai super kings)
सरफराज खान (50 रन) के संघर्ष के बावजूद धोनी की सेना पावरप्ले के बिखराव और गेंदबाजी की विफलता से उबर नहीं पाई। चेन्नई को अब टूर्नामेंट में वापसी करने के लिए लगातार बेहतर खेल का प्रदर्शन करना होगा। ऑक्शन में मोटी बोली लगाना तो फ्रेंचाइजी के हाथ में होती है, लेकिन वह पैसा मैदान पर प्रदर्शन में बदलेगा या नहीं, इसकी कोई गारंटी नहीं होती।

सरफराज खान ने बल्ले से दिखाया दम
आईपीएल 2026 के शुरुआती तीन मैचों ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को यह कड़वा सबक सिखा दिया है। एक तरफ जहां 28.40 करोड़ रुपये की जोड़ी संघर्ष कर रही है। वहीं महज 75 लाख रुपये में खरीदे गए सरफराज खान टीम के सबसे बड़े परफॉर्मर बनकर सामने आए हैं। नीलामी के समय सरफराज खान को कई टीमों ने केवल बैकअप खिलाड़ी माना था, लेकिन आज वे सीएसके की बल्लेबाजी की रीढ़ बन गए हैं।
सरफराज खान को लेना साबित हुआ फायदे का सौदा
सरफराज ने 3 मैचों में 99 रन बनाए हैं, लेकिन खास बात उनका 202.04 का स्ट्राइक रेट है। आमतौर पर टेस्ट स्पेशलिस्ट माने जाने वाले सरफराज ने मिडिल ओवर्स में स्पिनर्स के खिलाफ जिस तरह से रन बटोरे हैं, उसने उन फ्रेंचाइजियों को पछतावे का मौका दे दिया है जिन्होंने उन पर बोली नहीं लगाई थी। चेन्नई ने अपनी रणनीति के तहत दो युवा खिलाड़ियों पर खजाना लुटाया था, लेकिन अब तक का नतीजा शून्य रहा है।
काम नहीं आ रहे करोड़ों के खिलाड़ी
14.20 करोड़ की भारी-भरकम कीमत पर खरीदे गए कार्तिक शर्मा 3 पारियों में केवल 25 रन बना सके हैं। उनके खराब फॉर्म के कारण मिडिल ऑर्डर पर अतिरिक्त दबाव आ गया है। वहीं रवींद्र जडेजा की जगह भरने के लिए लाए गए प्रशांत वीर का इस्तेमाल और भी चौंकाने वाला है। प्रशांत ने अब तक एक भी गेंद नहीं फेंकी है। बल्लेबाजी में भी वे केवल 49 रन ही बना पाए हैं, जो उनकी कीमत के मुकाबले काफी कम है। ऑक्शन में प्रशांत को भी 14 करोड़ 20 लाख दिए गए थे।
सीएसके की मौजूदा स्थिति उनकी नीलामी रणनीति में एक बड़ी खामी को सामने लाने का काम करती है। दो खिलाड़ियों पर 28 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च करने के बाद टीम के पास अन्य विकल्प आजमाने की आजादी कम हो गई है। अगर प्रशांत वीर से गेंदबाजी नहीं करवानी थी तो उन्हें इतनी बड़ी कीमत पर खरीदने का तर्क समझ से परे है।












Click it and Unblock the Notifications