Mega Auction से पहले IPL 2025 का शेड्यूल जारी, जानिए किस दिन शुरू होगा टूर्नामेंट
IPL 2025 Schedule: आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन को लेकर चर्चाएं इस समय अपने चरम पर है। इसके साथ ही आईपीएल के अगले तीन सीज़न की तारीखें भी सामने आ गई हैं। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईपीएल 2025 का सीजन 14 मार्च से 25 मई तक खेला जाएगा। इसके बाद 2026 का सीजन 15 मार्च से शुरू होकर 31 मई तक चलेगा। वहीं, आईपीएल 2027 की तारीख भी घोषित की गई है, जो 14 मार्च से शुरू होकर 30 मई तक चलेगा।
आईपीएल 2025 में खेले जाएंगे कुल 74 मैच
इन तारीखों के सामने आने के बाद आईपीएल के फैंस को आगामी सीज़न का बेसब्री से इंतजार रहेगा। ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अगले तीन सीजन के शुरू होने की तारीखें फ्रैंचाइजी को ईमेल के माध्यम से भेज दी गई हैं और जल्द ही इन तारीखों की आधिकारिक पुष्टि की जा सकती है। आईपीएल 2025 में कुल 74 मैच खेले जाएंगे, जैसा कि पिछले तीन सीज़नों में हुआ था।

अगले दो सीजन को लेकर भी हुआ खुलासा
हालांकि, इसके बाद के सीज़नों में मैचों की संख्या में वृद्धि की योजना है। आईपीएल 2026 में 84 मैच और 2027 में यह संख्या बढ़कर 94 तक जा सकती है। यह बदलाव मीडिया राइट्स के कारण हो सकता है, क्योंकि अधिक मैचों से प्रसारण अधिकारों से मिलने वाली आय में इजाफा हो सकता है। आईपीएल 2024 की बात करें तो यह टूर्नामेंट 22 मार्च से शुरू हुआ था और 26 मई तक चला था, जिसमें फाइनल मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने सनराइजर्स हैदराबाद को हराया था।
ऑक्शन से पहले मिली बड़ी खबर
ऑक्शन से पहले डेट को लेकर आई इस जानकारी के बाद फ्रेंचाइजी अपनी टीमों को बेहतर बना सकती है। यदि कोई विदेशी खिलाड़ी 2025 के मेगा ऑक्शन का हिस्सा नहीं बनता है, तो वह अगले दो सीज़न में आईपीएल में नहीं खेल सकेगा। यह नियम फ्रैंचाइजी को स्पष्ट करता है कि वे जिन खिलाड़ियों को अपनी टीम में रखना चाहते हैं, उन्हें नीलामी में भाग लेना आवश्यक होगा।












Click it and Unblock the Notifications