ना कुंबले ना कोहली, पाटीदार बने 'जीत के सिकंदर', कभी थे अनसोल्ड, आज हैं RCB के 'रजत' मैन
Rajat Patidar: IPL 2025 का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के सिर पर सज चुका है, इस वक्त पूरा बेंगलुरु खुशी से झूम रहा है, लोग जमकर खुशियां मना रहे हैं। आपको बता दें कि RCB ने मंगलवार को पंजाब किंग्स को 6 रन से हराकर पहली बार आईपीएल खिताब जीता और सफलता का नया इतिहास लिखा।
इस जीत में अहम किरदार उस प्लेयर ने निभाया, जिनके बारे शायद किसी ने सोचा ही नहीं था, जी हां, हम बात कर रहे हैं कैप्टन रजत पाटीदार की, जिन्होंने वो कारनामा किया जो कि अनिल कुंबले और विराट कोहली जैसे दिग्गज भी नहीं कर पाए।

कोई शक नहीं कि ये जीत काफी 'विराट' है
इसमें कोई शक नहीं कि ये जीत काफी 'विराट' है और इस जीत के बाद लोगों ने चारों ओर 'कोहली-कोहली' चिल्ला कर इस जीत और कप को उनके नाम भी कर दिया लेकिन इस बात से इंकार कोई नहीं कर सकता है कि इस कप को रजत पाटीदार की कप्तानी में जीता गया है, जिन्होंने इस ऐतिहासिक विजय के बाद इतिहास में पन्नों में अपना नाम हमेशा के लिए दर्ज करा लिया।
ई साला कप नामदु' कहकर जीता दिल (Rajat Patidar)
जीत के बाद सफलता का सारा श्रेय अपने सीनियर खिलाड़ियों और फैंस को देने वाले रजत पाटीदार ने 'ई साला कप नामदु' कहकर, हर किसी का दिल जीत लिया है। 1 जून 1993 को इंदौर, मध्य प्रदेश में जन्मे रजत को बचपन से ही क्रिकेट खेलने का शौक था और इसी शौक ने पहले उन्हें मध्य प्रदेश की रणजी टीम और उसके बाद आईपीएल तक पहुंचा दिया।
Rajat Patidar ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण 2015 में किया था
गौरतलब है कि रजत ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण 2015 में किया था और साल 2021 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) टीम ने 20 लाख रुपए में खरीदकर अपने स्क्वाड में शामिल किया था, उस साल उन्होंने केवल चार मैच खेले और 71 रन बनाए थे इसलिए साल 2022 में आरसीबी ने उन्हें रिलीज कर दिया था, यही नहीं वो उस साल नीलामी में भी अनसोल्ड थे लेकिन इसके बाद किस्मत ने पलटी मारी और आरसीबी ने ही उन्हें मिड-सीजन रिप्लेसमेंट के तौर पर साइन किया।
आईपीएल प्लेऑफ में शतक बनाने वाले पहले अनकैप्ड खिलाड़ी
यही नहीं साल 2022 में एलिमिनेटर मैच में उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ नाबाद 112 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी, जिसके मुरीद दिग्गज भी हो गए थे। रजत उस साल आईपीएल प्लेऑफ चरण में शतक बनाने वाले पहले अनकैप्ड खिलाड़ी भी थे।
आरसीबी ने रजत को साल 2025 में 11 करोड़ में साइन किया
जिस रजत को आरसीबी ने 20 लाख रु में खरीदा था, उसी को उसने साल 2025 में 11 करोड़ में साइन किया और यही नहीं कप्तान बनाकर हर किसी को चौंका दिया, रजत ने उसके फैसले को ट्रॉफी जीतकर पूरी तरह से सही भी साबित कर दिया।
रजत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे डेब्यू किया
रजत ने 21 दिसंबर 2023 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया, जहां उन्होंने 16 गेंदों में 22 रन बनाए थे तो वहीं 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में टेस्ट डेब्यू किया था। रजत का पूरा नाम रजत मनोहर पाटीदार है, उनकी पत्नी का नाम गुंजन पाटीदार हैं, जो कि आमतौर पर लाइमलाइट से काफी दूर रहती हैं।
रजत पाटीदार की नेटवर्थ कितनी है?
India.com के मुताबिक पाटीदार की अनुमानित कुल संपत्ति लगभग 2 करोड़ रु के आस-पास है। उनकी सलाना सैलरी 35 लाख रु के आस-पास है तो वहीं उनका बीसीसीआई से ग्रेड सी का एग्रीमेंट भी है।
एक नजर आरसीबी के अब तक के कप्तानों पर
- राहुल द्रविड़ ( पहले कप्तान 2008)
- केविन पीटरसन ( 2009)
- अनिल कुंबले ( 2009-2010)
- डेनियल विटोरी (2011-2012)
- विराट कोहली (2013-2021)
- शेन वॉटसन ( 2017 के तीन मैचों में कप्तानी, कोहली के चोटिल होने पर मिली कप्तानी)
- फाफ डुप्लेसी ( 2021-2024)
- रजत पाटीदार ( 2025)












Click it and Unblock the Notifications