DC vs KKR: चोटिल होने के बावजूद मैदान पर डटे रहे कप्तान, क्या अगला मैच मिस करेंगे अक्षर पटेल?
Axar Patel Injury: दिल्ली कैपिटल्स (DC) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच खेले गए आईपीएल 2025 के 48वें मुकाबले में दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल (Axar Patel) ने जज्बे की मिसाल पेश की। मैच के दौरान अंगुली में चोट लगने के बावजूद वो टीम के लिए डटे रहे, लेकिन अब सवाल ये उठ रहा है- क्या ये चोट उन्हें अगले मुकाबले से बाहर कर देगी?
18वें ओवर की चौथी गेंद पर जब केकेआर के रोवमैन पॉवेल ने मिडविकेट की दिशा में जोरदार शॉट मारा, तो अक्षर ने शानदार डाइव लगाकर गेंद को रोका। लेकिन इस कोशिश में उनकी बाईं हाथ की एक अंगुली में गंभीर चोट लग गई। दर्द से कराहते अक्षर वहीं बैठ गए और फिर फिजियो की मदद से मैदान से बाहर ले जाए गए।

चोट कितनी गंभीर? अगला मैच खेल पाएंगे या नहीं?
अभी तक अक्षर की चोट की गंभीरता को लेकर आधिकारिक अपडेट नहीं आया है, लेकिन जो तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं, उसमें अक्षर पटेल की उंगली पर पट्टी बंधी हुई दिखाई दी। अगर चोट गहरी हुई तो ना सिर्फ वो अगला मैच मिस कर सकते हैं, बल्कि दिल्ली की मिडिल ऑर्डर बैटिंग भी कमजोर हो सकती है।
चोट को लेकर क्या बोले अक्षर पटेल?
मैच के बाद अक्षर पटेल ने अपनी चोट को लेकर बताया कि बल्लेबाज़ी के दौरान उन्हें काफी दर्द हो रहा था। हालांकि, उन्होंने भरोसा जताया कि अगले मैच से पहले वह पूरी तरह फिट हो जाएंगे। अक्षर ने ब्रॉडकास्टर्स से बातचीत में कहा कि, 'गेंद को रोकने के लिए मैंने डाइव लगाई थी, जिससे मेरी उंगली की स्किन छिल गई। जब भी शॉट खेलने की कोशिश करता, बैट का हैंडल उस जगह से रगड़ खा जाता और दर्द होता था। लेकिन अच्छी बात ये है कि हमारे पास अब 3-4 दिन का ब्रेक है, और उम्मीद है कि तब तक मैं ठीक हो जाऊंगा।'
IPL 2025 में अब तक अहम रहे हैं अक्षर
अक्षर पटेल इस सीजन दिल्ली कैपिटल्स के मिडल ऑर्डर में स्थिरता (Stability) का बड़ा जरिया बने हैं। उन्होंने अब तक तीन बार 30+ का स्कोर बनाया है और साथ ही बॉलिंग से भी योगदान दिया है। ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी दिल्ली के बैलेंस को बिगाड़ सकती है।
आईपीएल के 48वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 14 रनों से हराकर प्लेऑफ की दौड़ में अपनी उम्मीदें बरकरार रखी हैं। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में KKR ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 204/9 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में दिल्ली की टीम 190/9 तक ही पहुंच सकी।












Click it and Unblock the Notifications