India Pakistan War के बीच IPL 2025 पर संकट, टूर्नामेंट के भविष्य पर आज होगा बड़ा फैसला
भारत-पाकिस्तान सीमा पर बढ़ते तनाव का असर अब आईपीएल पर भी साफ दिखने लगा है। गुरुवार को जम्मू और पठानकोट समेत कई इलाकों में हवाई हमले के बीच धर्मशाला में चल रहे पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के मैच को बीच में ही रोकना पड़ा। स्टेडियम में अचानक ब्लैकआउट किया गया और खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों को भी सुरक्षा कारणों से तुरंत बाहर निकालने के निर्देश दिए गए।
इस घटना के बाद पूरे टूर्नामेंट के भविष्य को लेकर अनिश्चितता और गहरा गई है। अब सवाल उठ रहा है कि क्या आईपीएल 2025 जारी रह पाएगा या फिर उसे स्थगित करना पड़ेगा। इस मसले पर आज फैसला होने की संभावना है।

परिस्थितियों के अनुसार लिया जाएगा फैसला
आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने कहा कि हालात पर नजर रखी जा रही है और सरकार के निर्देशों का इंतजार है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को लखनऊ में लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मैच फिलहाल निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक ही होगा, लेकिन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आगे का फैसला लिया जाएगा।
पठानकोट के रास्ते दिल्ली भेजे गए खिलाड़ी
धर्मशाला में मैच रोके जाने के बाद दोनों टीमों को सुरक्षा के तहत स्पेशल ट्रेन से पठानकोट के रास्ते दिल्ली भेजा गया। वहीं, विदेशी खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर भी बैठक जारी है और बीसीसीआई तमाम विकल्पों पर विचार कर रहा है।
फ्लडलाइट बंद होने के कारण रोकना पड़ा खेल
गुरुवार को धर्मशाला में खेले गए मैच में पंजाब की टीम ने 10.1 ओवर में 1 विकेट पर 122 रन बनाए थे, प्रभसिमरन सिंह 28 गेंदों पर 50 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे, जबकि उनके सलामी जोड़ीदार प्रियांश आर्य ने 34 गेंदों पर 70 रन बनाए, लेकिन तेज गेंदबाज टी नटराजन ने उन्हें आउट कर दिया। इसके बाद फ्लडलाइट बंद होने के कारण खेल को रोकना पड़ा।
एचपीसीए के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि, 'दर्शकों में कोई घबराहट नहीं थी। उन्हें (दर्शकों और खिलाड़ियों को) बहुत सावधानी से और सुरक्षित तरीके से स्टेडियम से बाहर निकाला गया।' मैच के रद्द होने के साथ यह स्पष्ट नहीं है कि लीग आगे बढ़ेगी या नहीं और यह पता चला है कि भाग लेने वाले विदेशी खिलाड़ियों द्वारा उठाई गई सुरक्षा चिंताओं के बीच बीसीसीआई की बैठक चल रही है।
भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में आतंकी ढांचे पर मिसाइल हमले किए। गुरुवार को हवाई हमले की चेतावनी और जम्मू में विस्फोट जैसी आवाजों की खबरों के बीच पंजाब के पठानकोट, अमृतसर, जालंधर, होशियारपुर, मोहाली और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ सहित कई जिलों में ब्लैकआउट लागू कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications