IPL 2025 के बाद ऑस्ट्रेलियाई लीग में धमाल मचाएंगे विराट कोहली? BBL को लेकर आया बड़ा अपडेट
आज जब पूरी दुनिया की नजरें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर टिकी हैं, जहां विराट कोहली (Virat Kohli) अपनी टीम के साथ IPL 2025 का फाइनल खेलने उतरेंगे- वहीं ऑस्ट्रेलिया से एक और बड़ी खबर सामने आ गई है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (Cricket Australia) के CEO टॉड ग्रीनबर्ग (Todd Greenberg) ने साफ किया है कि वो चाहते हैं विराट कोहली BBL (Big Bash League) में खेलें!
यह बयान ऐसे वक्त आया है जब कोहली फॉर्म के पीक पर हैं और IPL ट्रॉफी के बेहद करीब भी। टॉड ग्रीनबर्ग ने वर्चुअल मीडिया इंटरैक्शन में कहा कि, 'हम चाहते हैं कि कुछ भारतीय खिलाड़ी BBL में शामिल हों। खासकर विराट कोहली जैसे सुपरस्टार को BBL में देखना किसी सपने से कम नहीं होगा। इससे स्टेडियम में क्राउड और टीवी पर व्यूअरशिप दोनों में जबरदस्त उछाल आएगा।'

हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि, फिलहाल BCCI की पॉलिसी भारतीय पुरुष खिलाड़ियों को विदेशी T20 लीग्स में खेलने की इजाज नहीं देती, जब तक कि वो पूरी तरह रिटायर न हो जाएं।
क्यों नहीं खेलते भारतीय पुरुष खिलाड़ी विदेशी लीग?
BCCI की मौजूदा गाइडलाइंस के अनुसार, कोई भी भारतीय पुरुष क्रिकेटर तब तक किसी विदेशी टी20 लीग (जैसे BBL, CPL या Hundred) में नहीं खेल सकता जब तक वो भारतीय क्रिकेट से संन्यास न ले ले। यही वजह है कि जहां स्मृति मंधाना, हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिग्स जैसी महिला क्रिकेटर्स Women's BBL खेल चुकी हैं, वहीं पुरुष खिलाड़ी इस लीग से दूर हैं।
BBL में भारतीय फैक्टर की तलाश में ऑस्ट्रेलिया
ग्रीनबर्ग ने बताया कि वो BCCI से लगातार बातचीत करना चाहते हैं ताकि भविष्य में बदलाव संभव हो सके। साथ ही उन्होंने इंग्लैंड की हंड्रेड (Hundred) लीग का उदाहरण देते हुए बताया कि किस तरह कई IPL फ्रेंचाइजी अब वहां की टीमों में हिस्सेदारी ले रही हैं।
उन्होंने कहा कि, 'हमें भी अपने सिस्टम में इनोवेशन लाना होगा। अगर हमें BBL को ग्लोबल ब्रांड बनाना है तो भारतीय खिलाड़ियों की मौजूदगी बेहद अहम होगी।'
क्या IPL जीतने के बाद दिखेंगे विराट BBL में?
विराट कोहली इस वक्त रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के लिए IPL खेल रहे हैं। अगर उनकी टीम IPL 2025 की ट्रॉफी जीत जाती है, तो कोहली के लिए ये एक सुनहरा मोमेंट होगा। और ऐसे में क्रिकेट फैंस के मन में सवाल उठना लाजमी है- क्या अब किंग कोहली IPL के बाद BBL में जलवा दिखाएंगे?
फिलहाल तो BCCI की नीतियां बाधा हैं, लेकिन अगर भविष्य में दरवाजे खुले, तो विराट कोहली जैसे स्टार का BBL में उतरना ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications