IPL Auction 2024: CSK इन खिलाड़ियों पर लगा सकती है बड़े दांव, पर्स में बचे हैं इतने पैसे
IPL Auction 2024, Chennai Super Kings: महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने साल 2023 में आईपीएल का खिताब अपने नाम किया था। साल 2024 में एक बार फिर से चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी महेंद्र सिंह धोनी करते हुए नजर आएंगे। धोनी के लिए यह सीजन आईपीएल का आखिरी सीजन हो सकता है। ऐसे में माही की कोशिश टीम को एक बार फिर चैंपियन बनाने की होगी। आईपीएल 2024 के लिए होने वाली ऑक्शन से पहले चेन्नई ने कई खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया है। चेन्नई के पर्स में 31 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम है।
बेन स्टोक्स हुए बाहर: इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स इस सीजन आईपीएल खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। पिछले ऑक्शन में बेन स्टोक्स को 16 करोड़ 25 लाख में खरीदा था। बेन स्टोक्स ने इस सीजन आईपीएल खेलने से मना कर दिया है। ऐसे में चेन्नई सुपर किंग्स कुछ खिलाड़ियों को ऑक्शन के दौरान अपने साथ जोड़ने का काम कर सकती है। आइए नजर डालते हैं उन खिलाड़ियों पर जिन पर चेन्नई की नजर रहने वाली है।

मनीष पांडे: भारतीय टीम के अनुभवी खिलाड़ी मनीष पांडे पर चेन्नई सुपर किंग्स की नजर रहेगी। अंबाती रायडू के संन्यास लेने के बाद मनीष पांडे चेन्नई के लिए मिडिल ऑर्डर की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने मनीष पांडे को ऑक्शन से पहले रिलीज कर दिया है। ऐसे में चेन्नई सुपर किंग्स की नजरें मनीष पांडे पर बनी होगी।
रचिन रविंद्र: न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर खिलाड़ी रचिन रविंद्र ने वर्ल्ड कप के दौरान अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचने में कामयाबी हासिल की। रचिन रविंद्र वर्ल्ड कप 2023 में न्यूजीलैंड की तरफ से सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। रविंद्र बल्ले के अलावा गेंद से भी अहम भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे मेंचेन्नई सुपर किंग्स रचिन रविंद्र पर भी दांव लगा सकती है।
जोश हेजलवुड: रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु की टीम ने सभी को हैरान करते हुए जोश हेजलवुड को रिलीज कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड आईपीएल में एक बार फिर से चेन्नई के लिए खेलते हुए नजर आ सकते हैं। जोश हेजलवुड लंबे समय तक आईपीएल में चेन्नई की टीम का हिस्सा थे। आरसीबी से रिलीज होने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स अपने गेंदबाज को एक बार फिर से टीम में शामिल करना चाहेगी।
शाहरुख खान: पंजाब किंग्स ने आईपीएल ऑक्शन से पहले शाहरुख खान को रिलीज कर दिया है। शाहरुख खान अंत के ओवर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। चेन्नई सुपर किंग्स को एक फिनिशर की जरूरत है और ऐसे में शाहरुख खान पर भी उनकी नज़रें बनी होगी। शाहरुख खान के लिए इससे पहले भी चेन्नई ने ऑक्शन में बोली लगाई थी। लेकिन पंजाब ने बाजी मारते हुए शाहरुख को अपने साथ जोड़ लिया था। हालांकि, अब पंजाब की टीम ने शाहरुख खान को रिलीज कर दिया है। ऐसे में चेन्नई के पास शाहरुख खान को खरीदने का मौका होगा।
शार्दुल ठाकुर: चेन्नई सुपर किंग्स से अपनी पहचान बनाने वाले शार्दुल ठाकुर को एक बार फिर से फ्रेंचाइजी खरीद सकती है। शार्दुल ठाकुर को केकेआर ने रिलीज कर दिया है। दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने पिछले साल कोलकाता नाइट राइडर्स को शार्दुल ठाकुर को ट्रेड कर दिया था। शार्दुल ठाकुर को 10 करोड़ 75 लाख रुपए में दिल्ली कैपिटल्स ने केकेआर को ट्रेड किया था। अब शाहरुख खान की टीम ने शार्दुल ठाकुर को रिलीज कर दिया है। ऐसे में शार्दुल ठाकुर को एक बार फिर से चेन्नई की टीम खरीदना चाहेगी।












Click it and Unblock the Notifications