IPL 2024 में इन भारतीय खिलाड़ियों ने बिखेरा जलवा, मिल सकती है टीम इंडिया में एंट्री
IPL 2024, Abhishek Sharma and Riyan Parag: आईपीएल 2024 का सीजन विस्फोटक रहा, यह बात अलग है कि इस सीजन का फाइनल मुकाबला उम्मीद से बिल्कुल विपरीत खेला गया। फाइनल मैच में दो धांसू टीमों के बीच मुकाबला था। कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम इस सीजन लगातार बल्ले और गेंद से कमाल का प्रदर्शन कर रही थी। ऐसे में फाइनल मुकाबले में भी एक हाई स्कोरिंग मैच होने की उम्मीद की जा रही थी।
केकेआर को मिली आसान जीत
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने फाइनल मैच में एक शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम किया। आईपीएल के इतिहास में अब तक किसी भी फाइनल में इतने कम रन नहीं बने थे। कोलकाता के सामने हैदराबाद की टीम महज 113 रनों पर ढेर हो गई थी। जिसके बाद कोलकाता ने दो विकेट खोकर इस मुकाबले को आसानी से जीत लिया। इस सीजन आईपीएल में कई भारतीय खिलाड़ियों ने अपना लोहा मनवाया है।

अभिषेक शर्मा ने छोड़ी छाप
इस लिस्ट में सबसे ऊपर सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का नाम आता है। अभिषेक शर्मा ने आईपीएल 2024 में अपनी बल्लेबाजी से सभी को खासा प्रभावित किया। ट्रेविस हेड के साथ मिलकर अभिषेक शर्मा ने कई बड़े रिकॉर्ड भी बनाने में सफलता हासिल की। कई दिग्गजों का तो ऐसा मानना था कि अभिषेक शर्मा को टी-20 वर्ल्ड कप टीम में होना चाहिए।
भारत के लिए नहीं मिला है मौका
लेकिन अभिषेक शर्मा अब तक भारत के लिए डेब्यू भी नहीं कर पाए हैं। अभिषेक शर्मा ने इस साल के आईपीएल में 16 मैच खेलकर 448 रन बनाने का काम किया। इस दौरान उनके बल्ले से तीन अर्धशतक निकले। अभिषेक शर्मा के इस परफॉर्मेंस को देखते हुए कहा जा सकता है कि आने वाले समय में वह भारतीय टीम की तरफ से डेब्यू करते हुए नजर आ सकते हैं।
रियान पराग का दमदार प्रदर्शन
अभिषेक शर्मा के अलावा राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलने वाले रियान पराग भी इस सीजन सुर्खियों में बने रहे। पराग वैसे तो कई सालों से राजस्थान रॉयल्स की टीम के साथ बने हुए हैं। लेकिन इस सीजन उन्होंने अपने प्रदर्शन से सभी को हैरान किया। राजस्थान ने लगातार रियान पराग को चौथे नंबर पर भेजने का काम किया और रियान पराग ने भी टीम के भरोसे को सही साबित किया।
रियान पराग ने इस साल 16 मैच खेलकर टीम के लिए 573 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से चार अर्धशतक भी निकले। इस दौरान रियान पराग की बल्लेबाजी औसत की बात करें तो आईपीएल 2024 में उनका औसत 52.09 का रहा।
नितीश रेड्डी पर होगी नजर
सनराइजर्स हैदराबाद के एक और खिलाड़ी इस साल चर्चाओं में बने रहे। नितीश कुमार रेड्डी ने अपने प्रदर्शन से फैंस का दिल जीतने का काम किया। नितीश कुमार रेड्डी गेंद और बल्ले दोनों से ही टीम के लिए फायदेमंद साबित हुए। हालांकि फाइनल मुकाबले में वह उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। इसके बावजूद भी उन्हें इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन का अवार्ड दिया गया।
भारतीय टीम को ऑलराउंडर खिलाड़ियों की जरूरत पड़ रही है। ऐसे में नितीश रेड्डी तेज गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी अपना दमखम दिखा सकते हैं। आने वाले समय में नितीश रेड्डी भी भारत की तरफ से डेब्यू करते हुए दिखाई दे सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications