गलती से टीम में आये एक खिलाड़ी ने बदल दी दिल्ली की किस्मत, प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार
IPL 2024 Jake Fraser-McGurk: ऋषभ पंत की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स का दमदार प्रदर्शन जारी है। दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ एक अहम मुकाबले में जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें भी बरकार है। दिल्ली की टीम अगर अपने आने वाले दोनों ही मुकाबले को जीत लेती है तो वह प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर सकती है।
शुरुआत रही थी बेहद खराब
आईपीएल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही थी। दिल्ली की टीम को शुरुआती छह मुकाबले में से 4 में हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन इसके बाद बाकी के बचे हुए मुकाबले में दिल्ली की टीम ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। दिल्ली को राजस्थान से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ हार का सामना जरूर करना पड़ा। दिल्ली की टीम अगर कोलकाता के खिलाफ भी जीत दर्ज कर लेती तो वह प्लेऑफ की रेस में काफी आगे निकल जाती।

अब आरसीबी से होगा सामना
हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स के पास अभी भी प्लेऑफ में अपनी जगह बनाने का शानदार मौका है। दिल्ली कैपिटल्स का अगला मुकाबला 12 मई को रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु से होना है। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में दिल्ली और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच एक हाई स्कोरिंग गेम देखने को मिल सकता है। दिल्ली के लिए आरसीबी के खिलाफ इस मुकाबले को जीतना बेहद जरूरी है। दिल्ली की टीम अगर आरसीबी को हराती है तो फिर उसके 14 अंक हो जाएंगे।
जेक फ्रेजर-मैक्गर्क ने बदली किस्मत
दिल्ली कैपिटल्स के युवा विस्फोटक बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैक्गर्क टीम के लिए लकी साबित रहे हैं। जेक फ्रेजर-मैक्गर्क को शुरुआती कुछ मुकाबले में प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं दी गई थी। डेविड वार्नर के चोटिल होने के बाद जेक फ्रेजर-मैक्गर्क को खेलने का मौका मिला। अपने पहले ही मुकाबले में उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में अर्धशतक जड़कर टीम को जीत दिला दी थी। राजस्थान के खिलाफ खेले गए आखिरी मुकाबले में भी उन्होंने महज 19 गेंद में अर्धशतक जड़कर दिल्ली की टीम को बड़े स्कोर की तरफ बढ़ा दिया था।
रिप्लेसमेंट बनकर आए जेक फ्रेजर-मैक्गर्क
बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने जेक फ्रेजर-मैक्गर्क को ऑक्शन के दौरान नहीं खरीदा था। ऑक्शन के दौरान यह खिलाड़ी अनसोल्ड रहा था। दरअसल, दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज लुंगी एंगिडी के चोटिल होने के कारण आईपीएल में हिस्सा नहीं ले सके थे। एंगिडी की जगह जेक फ्रेजर-मैक्गर्क को रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया। दिल्ली का यह दांव अब तक कारगर साबित रहा है। दिल्ली के युवा खिलाड़ी जेक फ्रेजर-मैक्गर्क ने टीम को लगातार बेहतर शुरुआत दिलाने का काम किया है।
दिल्ली को अगर अपने आने वाले दोनों ही मुकाबले में जीत दर्ज करनी है तो जेक फ्रेजर-मैक्गर्क को इसी तरीके से अपनी बल्लेबाजी को जारी रखनी होगी। जेक फ्रेजर-मैक्गर्क इसी तरीके से अपना दमखम दिखते रहे तो दिल्ली की टीम आईपीएल 2024 के प्लेऑफ में क्वालीफाई कर लेगी। अगर ऐसा होता है तो यह किसी करिश्मा से कम नहीं होगा।












Click it and Unblock the Notifications