GT vs CSK: गुजरात ने चेन्नई को 35 रनों से हराया, धोनी की CSK के लिए प्लेऑफ की राह मुश्किल
IPL 2024 Gujarat Titans vs Chennai Super Kings: गुजरात टाइटंस ने एक अहम मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ जीत हासिल की। इस हार के साथ ही चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए आगे की राह मुश्किल हो गई है। 232 रनों का पीछा करते हुए चेन्नई सुपरकिंग्स 8 विकेट खोकर 196 रन ही बना सकी। गुजरात ने इस मुकाबले को 35 रनों से अपने नाम किया।
दूसरी तरफ इस जीत ने गुजरात के प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है। 232 रनों का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपरकिंग्स की शुरुआत खराब रही और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए। रचिन रविंद्र ने एक बार फिर निराश किया।

मिचेल-मोइन ने चेन्नई को संभाला
खराब शुरुआत के बाद डेरिल मिचेल और मोइन अली ने चेन्नई को संभालने का काम किया। इन दोनों ही खिलाड़ियों ने अर्धशतक जड़कर चेन्नई की जीत की उम्मीदों को जिंदा रखा। वहीं शिवम दुबे ने भी कुछ आकर्षक शॉट लगाने का काम किया। मोहित शर्मा ने मिचेल को आउट कर एक बार फिर से गुजरात टाइटंस की मैच में वापसी करा दी।
गिल-सुदर्शन ने जड़ा शतक
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 231 रन बनाए थे। गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने इस मुकाबले में धमाकेदार प्रदर्शन किया। शुभमन गिल और साईं सुदर्शन ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 200 रनों की साझेदारी निभाई। इस दौरान दोनों ही बल्लेबाजों ने अपना शतक पूरा किया। कप्तान शुभमन गिल ने 55 गेंद में नौ चौके और छह छक्के की मदद से 104 रन और साई सुदर्शन ने 51 गेंद में पांच चौके और सात छक्के की मदद से 103 रन की पारी खेली।
सुदर्शन का पहला आईपीएल शतक
साई सुदर्शन ने अपने आईपीएल करियर का पहला शतक लगाने में कामयाबी हासिल की। इससे पहले सुदर्शन ने पिछले साल चैन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ ही 96 रनों की पारी खेली थी। चेन्नई की तरफ से तुषार देशपांडे ने अंत के ओवरों में दो विकेट चटकाने में कामयाबी हासिल की।
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, शाहरुख खान, डेविड मिलर, मैथ्यू वेड (विकेटकीपर), राहुल तेवतिया, राशिद खान, नूर अहमद, उमेश यादव, मोहित शर्मा, कार्तिक त्यागी।
चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, शिवम दुबे, मोइन अली, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी (विकेटकीपर), मिचेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, तुषार देशपांडे, सिमरजीत सिंह।












Click it and Unblock the Notifications