IPL 2024: ईशान किशन से मिले BCCI सचिव जय शाह, कंधे पर हाथ रखकर मुस्कुराते हुए क्या कहा?
IPL 2024 GT vs MI: गुजरात टाइटंस के खिलाफ रविवार को खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस की टीम को हार का सामना करना पड़ा। पिछले 12 सालों से लगातार मुंबई इंडियंस की टीम आईपीएल में अपना पहला मुकाबला जीतने में नाकाम रही है। हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस की टीम इस मैच को जीतने की बेहद करीब थी। लेकिन आखिरी के चंद ओवरों में गुजरात ने दमदार वापसी करते हुए मुंबई इंडियंस से मैच छीन लिया।
हार के बाद बोले पंड्या
हालांकि मुंबई और गुजरात दोनों के लिए ही आईपीएल 2024 का यह पहला मुकाबला ही था। आईपीएल 2024 में दोनों ही टीमों को आने वाले दिनों में और भी कई मुकाबले खेलने को मिलेंगे। मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने हार के बाद कहा कि वह इस हार से ज्यादा निराश नहीं हैं। उन्हें पता है कि यह टूर्नामेंट काफी लंबा है और आने वाले मुकाबले में वह इसकी भरपाई कर सकते हैं।

ईशान से मिले जय शाह
दूसरी तरफ भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस मैच के बाद मुंबई के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन से मुलाकात की। ईशान किशन और जय शाह के बीच कुछ देर तक बातचीत भी हुई। इस दौरान जय शाह मुस्कुराते हुए ईशान किशन के कंधे पर हाथ रखकर उन्हें कुछ समझाने का काम कर रहे थे। इन दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।
सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से किया था बाहर
बता दें कि कुछ दिन पहले ही बीसीसीआई ने सख्त कदम उठाते हुए ईशान और श्रेयस अय्यर को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर दिया था। यह दोनों ही खिलाड़ी भारतीय टीम के किसी भी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का हिस्सा नहीं हैं। दरअसल, बीसीसीआई ने सभी खिलाड़ियों को घरेलू टूर्नामेंट खेलने के लिए कहा है। ईशान किशन और श्रेयस अय्यर पिछले कुछ समय से लगातार घरेलू टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले रहे थे। जिसके बाद बीसीसीआई ने सख्त कदम उठाते हुए दोनों खिलाड़ियों को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर दिया था।
आखिर क्या बात हुई होगी
हालांकि, मीडिया में कई ऐसी रिपोर्ट्स भी है कि आने वाले दिनों में श्रेयस और किशन को दोबारा सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल किया जा सकता है। बीसीसीआई सचिव जय शाह और ईशान किशन की बीच हुई बातचीत तो हम आपको नहीं बता सकते हैं। लेकिन ऐसी संभावना है कि जय शाह ने ईशान किशन से आईपीएल में बेहतर प्रदर्शन करने की बात कही होगी।
आईपीएल के बाद इसी साल टी-20 वर्ल्ड कप भी होना है। अगर ईशान किशन आईपीएल में दमदार प्रदर्शन करते हैं तो फिर एक बार फिर से उन्हें भारतीय टीम में जगह दी जा सकती है। बता दें कि बीसीसीआई ने अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल सभी खिलाड़ियों के लिए अपनी-अपनी घरेलू टीम से खेलने अनिवार्य किया था। लेकिन ईशान किशन और श्रेयस अय्यर ने बीसीसीआई के इस फैसले को नहीं माना जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications