IPL 2024 Flashback: जब 'कैप्टन कूल' ने खोया था आपा, अंपायर की ही लगा दी थी क्लास, हैरान रह गए सभी
IPL 2024 Flashback: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपने शांत स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। मैदान पर भी धोनी को काफी कूल अंदाज में देखा जाता रहा है। यही वजह है कि महेंद्र सिंह धोनी को कैप्टन कूल के नाम से भी जाना जाता है। आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से धोनी एक बार फिर से कप्तानी करते हुए नजर आएंगे।
जब धोनी को आया गुस्सा
चेन्नई को पांच बार आईपीएल का खिताब दिलाने वाले धोनी बेहद कम बार ही गुस्से में नजर आते हैं। लेकिन आईपीएल के दौरान वह एक बार मैदान पर अपना आपा खो बैठे थे। आईपीएल के दौरान ही महेंद्र सिंह धोनी ने कुछ ऐसा किया था जिसकी उम्मीद क्रिकेट फैंस ने थाल से नहीं की थी। महेंद्र सिंह धोनी डग आउट से उठकर मैदान में अंपायर से बहस करने चले गए थे।

अंपायर से भिड़ गए थे धोनी
दरअसल, आईपीएल 2019 के एक मुकाबले के दौरान राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी बहुत गुस्से में नजर आए थे। जयपुर में राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला खेला जा रहा था। इस मुकाबले के दौरान धोनी अंपायरिंग से नाखुश थे और अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए वह डग आउट से उठकर मैदान तक चले गए थे।
चेन्नई को मिली थी जीत
साल 2019 में चेन्नई और राजस्थान के बीच खेला गया मुकाबला बेहद ही रोमांचक रहा था। इस मुकाबले का नतीजा आखिरी ओवर में आया। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 151 रन बनाए थे। जिसके जवाब में चेन्नई की ओर से आखरी ओवर में रविंद्र जडेजा और मिशेल सैंटनर बल्लेबाजी कर रहे थे। चेन्नई ने इस मुकाबले को चार विकेट से जीत लिया।
नो बॉल को लेकर हुआ विवाद
भले ही चेन्नई सुपर किंग्स मुकाबले को जीत गई हो, लेकिन इस मैच को महेंद्र सिंह धोनी की वजह से याद किया जाता है। धोनी का यह रूप फैंस ने पहले कभी नहीं देखा था। आखिरी ओवर में बेन स्टोक्स की एक गेंद को लेकर बवाल मच गया था। धोनी ने अंपायर से नो बॉल की मांग की थी। लेकिन मैदानी अंपायर का फैसला इसके विपरीत था और महेंद्र सिंह धोनी को मायूस होकर मैदान से वापस जाना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications