IPL 2023: पिछले सीजन में सर्वाधिक डॉट बॉल खेलने वाले टॉप-5 बल्लेबाज, नंबर 1 के नाम ने चौंकाया
IPL 2023: पिछले सीजन में डॉट खेलने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में नंबर एक वो नाम है जो आपको सबसे ज्यादा खाली गेंद खेलने वाला 'बेस्ट' बल्लेबाज लगेगा। टी20 में डॉट बॉल एक अपराध से कम नहीं मानी जाती।

आईपीएल (IPL) ताबड़तोड़ क्रिकेट का टूर्नामेंट है जहां गेंदबाजों को एक ओवर भी मेडन मिल जाता है तो उस पर रिकॉर्ड बन जाते हैं। T20 क्रिकेट में डॉट बॉल खेलना अपने आप में एक अपराध माना जाता है। भारत में आईपीएल मैचों के लिए आमतौर पर फ्लैट ट्रैक बनाए जाते रहे हैं जिन पर खूब रन बरसते हैं। इस सीजन में भी भारत के अलग-अलग मैदानों पर मुकाबले होंगे जहां रनों की बौछार देखने की पूरी उम्मीद है। ऐसे में यह आकलन करना बहुत दिलचस्प होगा कि आईपीएल के पिछले सीजन में किन बड़े बल्लेबाजों ने सबसे ज्यादा डॉट गेंद खेली थी। मजेदार बात यह है कि यहां नंबर एक पर जो बल्लेबाज मौजूद है उसकी डॉट बॉल देखने के बाद कहेंगे कि T20 क्रिकेट में डॉट बॉल खेलना इतना भी बुरा नहीं होता।

5. ईशान किशन- 140 डॉट बॉल
इस लिस्ट में नंबर 5 पर मुंबई इंडियंस के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की हालत सबसे खराब रही जिन्होंने 140 डॉट गेंद खेली और उनका स्ट्राइक रेट केवल 120 का रहा जो काफी कम माना जाएगा। उन्होंने जिन गेंदों पर रन बनाए उसका ब्यौरा इस प्रकार रहा-
सिंगल्स- 133 गेंद
2 रन- 18 गेंद
3 रन- 1 गेंद
4 रन- 45
6 रन- 11 गेंद
किशन केवल 11 ही छक्के लगा पाए जिसके चलते उन्होंने 348 गेंदों पर 418 रन बनाए।

4. शिखर धवन- 141 डॉट बॉल
इसके बाद शिखर धवन की बात आती है जिन्होंने 141 गेंद खेली और उनका स्ट्राइक रेट केवल 122.66 रहा क्योंकि उन्होंने केवल 12 गेंदों पर ही छक्के लगाए। आपको डॉट बॉल खेलने के बाद भरपाई करने के लिए अधिकतम गेंदों पर छक्के लगाने की कोशिश करनी होती है।
1 रन- 151 गेंद
2 रन- 23 गेंद
3 रन-1
4 रन- 47 गेंद
6 रन- 12 गेंद
धवन के कम छक्कों के चलते उन्होंने 375 गेंदों पर 460 रन बनाए।

3. फाफ डु प्लेसिस- 145 डॉट बॉल
इस लिस्ट में तीसरा स्थान कप्तान फाफ डुप्लेसिस का आता है जिन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए 145 खाली गेंद खेली थी और इसने वाकई में उनके स्ट्राइक रेट पर काफी बुरा असर डाला।
डू प्लेसिस ने 367 गेंद खेलते हुए पिछले आईपीएल में कुल 468 रन बनाए थे जिसमें उन्होंने 129 गेंद पर सिंगल लिया।
2 रन- 28 गेंद
3 रन- 3 गेंद
49 गेंदों पर चौके लगाए और केवल 13 ही गेंदों पर छक्के लगाए जिसके चलते उनका स्ट्राइक रेट बहुत ज्यादा नहीं बढ़ पाया।

2. केएल राहुल- 151 डॉट बॉल
इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल जो दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बनकर उभरे थे। राहुल ने 151 खाली गेंद खेली हैं लेकिन उनका स्ट्राइक रेट भी 135 का ठीक-ठाक रहा था।
सिंगल- 203 गेंद
2 रन- 25 गेंद
3 रन- 1 गेंद
साथ ही 45 चौके और 30 छक्के लगाते हुए पूरे सीजन में 455 गेंदों को सामना करने के बाद 616 रन बनाए।

1. जोस बटलर- 230 डॉट बॉल
इस लिस्ट में नंबर एक पर पिछले सीजन के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले राजस्थान रॉयल्स के जोस बटलर का नाम आता है जिन्होंने पूरे सीजन में 17 पारियां खेलते हुए 149 के स्ट्राइक रेट के साथ 863 रन बनाए थे। बटलर ने ना केवल सबसे ज्यादा रन बनाए बल्कि सर्वाधिक डॉट बॉल भी खेली। उनके नाम 230 डॉट बॉल है।
उन्होंने 185 गेंदों पर सिंगल लिया, 33 गेंदों पर डबल्स, 2 गेंदों पर 3 रन बनाए, 83 गेंदों पर चौके लगाए और 45 गेंदों पर छक्के लगाए। उनके छक्कों के चलते डॉट बॉल का असर बहुत कम हो गया। उन्होंने कुल 579 गेंदें खेली और 57.53 की औसत से रन बनाए।












Click it and Unblock the Notifications