IPL 2023: रोहित शर्मा ने कहा, एक बार फिर मुंबई इंडियंस ने कर दिखाया, आकाश मधवाल हैं टीम के नए हीरो
IPL 2023 in Hindi: रोहित के मुताबिक मुंबई की टीम यही करने के लिए जानी जाती है जिसकी लोग आमतौर पर उम्मीद नहीं करते। आकाश मधवाल टीम के नए सितारे हैं जिनके पास स्किल और कॉन्फिडेंस दोनों मौजूद है।

IPL 2023 Rohit Sharma on Akash Madhwal: मुंबई इंडियंस (MI) की टीम ने आईपीएल 2023 में भी वही काम करके दिखाया है जो वे इस लीग में कई सालों से करते आ रहे है। इस सीजन के एलिमिनेटर मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 81 रनों से रौंद दिया। मुंबई के पास बड़े मैचों में परफॉर्म करने का अलग ही लेवल का एक्सपीरियंस है।
पिछले 2 सीजन में प्लेऑफ में नहीं पहुंचने वाली मुंबई इंडियंस इस बार भी प्लेऑफ में जाती हुई दिखाई नहीं दे रही थी। बुमराह और आर्चर एक बार फिर नहीं थे, लेकिन टीम के कुछ युवाओं ने उम्मीद से बढ़कर प्रदर्शन किया है जिसमें ताजा नाम आकाश मधवाल का जुड़ा है।
आकाश ने चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मैच में लखनऊ की टीम के आधे खिलाड़ियों को 3.3 ओवर में 5 रन देकर आउट कर दिया और इस प्रदर्शन ने उनकी टीम को एक बहुत बड़ी जीत दिलाई है।
अब मुंबई का सामना दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस से 26 मई को होने जा रहा है। मैच के बाद रोहित शर्मा ने भी यही बात दोहराई है कि, जिसकी लोग उम्मीद नहीं करते, वह हम कर दिखाते हैं।
कप्तान ने मैच के हीरो आकाश पर कहा, "आकाश पिछले साल हमारी टीम में एक सपोर्ट बॉलर के तौर पर जुड़े थे और इस बार जब जोफ्रा आर्चर बाहर हुए तो हम जानते थे कि आकाश के पास परफॉर्म करने के लिए स्किल और कैरेक्टर दोनों ही मौजूद हैं। आकाश ने बहुत जबरदस्त गेंदबाजी की है। अब उनके पास कॉन्फिडेंस भी है।"
"कई सालों से हमने देखा है जो खिलाड़ी मुंबई इंडियंस से खेलते हैं, वह भारत के लिए भी खेलते हैं। इन युवा खिलाड़ियों को स्पेशल फील कराना जरूरी है और उन्हें टीम का हिस्सा बनाना भी बहुत जरूरी है। मेरा काम उनको कंफर्टेबल रखना है।"
रोहित ने बताया कि, टीम के युवा खिलाड़ी अपने रोल को लेकर बिल्कुल क्लियर हैं और वे जानते हैं कि उन्हें टीम के लिए क्या करने की जरूरत है। रोहित ने माना कि चेपॉक की पिच पर नतीजे निकालने के लिए आपको पूरी टीम के प्रदर्शन की जरूरत होती है। जबकि वानखेड़े में मामला अलग होता है, जहां आप एक या दो जबरदस्त परफॉर्मेंस देकर भी अपनी टीम के लिए मैच जीत सकते हैं।
इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए जिसके जवाब में लखनऊ की टीम 16.3 ओवर में 101 रनों पर सिमट गई।












Click it and Unblock the Notifications