IPL 2023 में ओवर कितने समय में डालने होते हैं? जानें क्या है मैच समाप्त होने का टाइम
आईपीएल में इस सीजन कई कप्तानों पर निर्धारित समय में ओवर पूरे नहीं होने की वजह से फाइन लगाया गया था। हर पारी का एक निश्चित समय होता है।

IPL Match Timings: आईपीएल लगभग समाप्त हो गया है और अब सिर्फ फाइनल मुकाबला बचा है। फाइनल मैच को लेकर फैन्स उत्साहित हैं। चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच रविवार को फाइनल मैच खेला जाना है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में यह मुकाबला खेला जाएगा।
इस सीजन कई बार देखा गया है कि निर्धारित समय तक ओवर नहीं डाले जाने के कारण कप्तानों के ऊपर जुर्माना लगाया गया है। विराट कोहली के ऊपर दो बार जुर्माना जड़ा गया था। कई बार ऐसा भी देखने को मिला जब 4 घंट से ज्यादा समय तक मुकाबला चलने के बाद भी कोई फाइन नहीं हुआ।
आईपीएल में ओवर डालने का एक निश्चित समय होता है लेकिन फैन्स के मन में इसे लेकर असमंजस की स्थिति रहती है। काफी लोग टाइमिंग के बारे में नहीं जानते। यह भी मालूम नहीं होता कि आईपीएल मैचों की टाइमिंग अंतरराष्ट्रीय मैचों के समय से किस प्रकार अलग है।
आईपीएल मैच की टाइमिंग क्या है
आईपीएल मुकाबले के दौरान हर पारी का समय निर्धारित है और यह 90 मिनट का होता है। खास बात यह भी है कि इस समय के अंदर ही 5 मिनट के दो स्ट्रेटेजिक टाइम आउट भी आते हैं। यानी ओवरों का समय 85 मिनट रहता है। इसे पार करने पर जुर्माना लगता है।
ब्रेक का समय क्या होता है
एक पारी के बाद दूसरी पारी शुरू होने के बीच 15 मिनट का समय रहता है। 15 मिनट के बाद दूसरी टीम बल्लेबाजी करने के लिए आती है, इस समय से पहले अगर 90 से ज्याद मिनट कोई टीम गेंदबाजी में लेती है, तो कप्तान पर जुर्माना लगाने का प्रावधान है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में क्या टाइम होता है
अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में नियम अलग होता है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के दौरान निर्धारित समय तक ओवर डालने का समय 80 मिनट का रहता है। यहाँ भी ब्रेक का समय समान ही रहता है। यानी पहली टीम के बाद जब दूसरी टीम बैटिंग करने आती है, तो 15 मिनट ब्रेक होता है।
आईपीएल मैचों में ज्यादा समय क्यों लगता है
आईपीएल में निर्धारित समय के बाद भी ज्यादा समय कई बार हुआ है। इसके पीछे कारण है कि डीआरएस और अन्य चीजों में लगने वाला समय ओवरों में काऊंट नहीं किया जाता। मैदान पर चोटिल खिलाड़ियों के साथ फिजियो का काम और अन्य चीजों का समय भी अलग रखा जाता है। इस वजह से समय ज्यादा लग जाता है।
इन कप्तानों पर लगा धीमे ओवर रेट का जुर्माना
फाफ डू प्लेसी, संजू सैमसन, हार्दिक पांड्या, सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल, विराट कोहली (2 बार), डेविड वॉर्नर, नितीश राणा (2 बार)। इस सीजन निर्धारित समय में ओवर नहीं डालने के कारण इन कप्तानों पर फाइन लगाया गया।












Click it and Unblock the Notifications