IPL 2023: गौतम गंभीर ने दिया था कोहली को अपना मैन ऑफ़ द मैच, पुराना वीडियो वायरल
गौतम गंभीर ने श्रीलंका के खिलाफ मैच के बाद अपना प्लेयर ऑफ़ द मैच विराट कोहली को दे दिया था। यह वीडियो फैन्स ने वायरल किया है।

Virat Kohli and Gautam Gambhir old video: आईपीएल के 43वें मुकाबला के बाद विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच झगड़ा देखने को मिला। लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स और आरसीबी के बीच यह मुकाबला खेला गया था। आरसीबी की जीत के बाद यह घटना हुई थी।
इन दोनों दिग्गजों के झगड़े के बाद अब एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जहाँ गौतम गंभीर ने अपना प्लेयर ऑफ़ द मैच अवॉर्ड विराट कोहली को दिया था। यह वीडियो उस समय का है जब विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में काफी नये ही थे।
यह साल 2009 की बात है जब भारत और श्रीलंका के बीच एकदिवसीय मुकाबला हुआ था। इसमें गौतम गंभीर ने नाबाद 150 रन जड़े थे। विराट कोहली ने भी जमकर बैटिंग की थी। कोहली के बल्ले से शतकीय पारी आई थी। भारत के लिए गंभीर और कोहली ने 224 की भागीदारी की थी। इंडिया ने 316 का लक्ष्य चेज किया था।
इस घटना के बाद कोहली के बारे में गंभीर ने कहा कि मैंने कुछ नहीं किया था। आपका पहला अंतरराष्ट्रीय शतक हमेशा यादगार होता है। कोहली 100 शतक भी जड़ देंगे और वह जिस तरह के खिलाड़ी हैं, ऐसा करेंगे। मुझे अपना पहला अंतरराष्ट्रीय शतक याद है जो बांग्लादेश में आया और पहले वनडे शतक श्रीलंका के खिलाफ आया।
गंभीर ने कहा कि मैं कोहली के पहले शतक को ख़ास बनाना चाहता था इसलिए मेरा मैन ऑफ़ द मैच दे दिया। ऐसा नहीं है कि मुझे या किसी और को यह करना चाहिए। मेरा स्वभाव ऐसा ही है। जो भी चीजें उन्होंने अपने करियर में प्राप्त की है, उनसे मैं जरा भी हैरान नहीं हूं। वह काफी और चीजें भी हासिल करेंगे।
गौरतलब है कि कोहली और गंभीर के बीच बाद में चीजें खराब होती चली गईं। साल 2013 के आईपीएल में गंभीर केकेआर में थे और कोहली आरसीबी में थे। इस दौरान इन दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। उस समय रजत भाटिया ने बीच में आकर मामला शांत कराया। बाद में यह नोंकझोंक बढ़ती चली गई।












Click it and Unblock the Notifications