Reserve Day Rules: 29 मई को होगा चैंपियन का फैसला! IPL इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा, जानें 'रिजर्व डे' रूल
Chennai Super Kings vs Gujarat Titans, Final Updates: आईपीएल इतिहास में पहली बार कोई फाइनल मुकाबला अपने तय दिन पर नहीं खेला जा सका है।

CSK vs GT, Final, Indian Premier League 2023: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बारिश के कारण फाइनल मैच 28 मई को रद्द कर दिया गया। अब यह मुकाबला अगले दिन अपने रिजर्व वाले दिन यानी सोमवार 29 मई को खेला जाएगा। फैंस ने लंबे समय तक बारिश रुकने का इंतजार किया। लेकिन बारिश लगातार होने के कारण मुकाबला नहीं हो सका है।
इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा: आईपीएल के 16वें सीजन का फाइनल चेन्नई सुपरकिंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच रविवार को बारिश के कारण नहीं हो पाया। आईपीएल के 16 साल के इतिहास में ऐसा इससे पहले कभी नहीं हुआ था। यह पहला मौका है जब किसी टीम को फाइनल खेलने के लिए रिजर्व डे तक का इंतजार करना पड़ा है। चेन्नई और गुजरात के बीच अब सोमवार को टक्कर देखने को मिलेगी।
रिजर्व डे क्या होता है: फाइनल मुकाबले के लिए बीसीसीआई ने आईपीएल 2023 में रिजर्व डे रखा है। बारिश होने के बाद हर परिस्थिति में रिजर्व डे का इस्तेमाल नहीं किया जाता है। अगर 5-5 ओवर का मुकाबला तय दिन पर नहीं हो पाये तो ऐसी स्थिति में रिजर्व डे को मैच खेला जाता है। जब दोनों टीमों की कम से कम 5-5 ओवर की बल्लेबाजी भी संभव नहीं हो पाई हो तब इसका इस्तेमाल किया जाता है।
दोनों दिन बारिश हुई तो..: अगर दोनों दिन बारिश के चलते मैच धुल गया तो फिर किस नियम के तहत विजेता का ऐलान किया जाएगा? बीसीसीआई ने इसे लेकर भी अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो अगर दोनों ही दिन मैच नहीं हो पाया तो फिर प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर रहने वाली टीम को इस साल का चैंपियन घोषित कर दिया जाएगा।
गुजरात को फायदा: आईपीएल 2023 का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। गुजरात की टीम का यह होमग्राउंड भी है। गुजरात इस सीजन टेबल टॉपर रही है। सीएसके दूसरे स्थान पर 17 अंक के साथ मौजूद है। जबकि गुजरात 20 अंकों के साथ टॉप पर है। ऐसे में अगर दोनों दिन बारिश होती है तो गुजरात टाइटंस को विनर घोषित कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications