IPL 2023 Final: 'धोनी-बारिश और संन्यास', खेल में क्या है इन तीनों का मेल? क्यों हो रही हैं इतनी बातें?
MS Dhoni:महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 200 टी20 मैच खेलने वाले पहले आईपीएल खिलाड़ी भी है लेकिन ऐसे कयास हैं कि माही अगला आईपीएल नहीं खेलेंगे।

MS Dhoni to retire after IPL 2023? आईपीएल 2023 का फाइनल मुकाबला रविवार को भारी बारिश के चलते नहीं हो पाया था और इसे 'रिजर्व डे' के तहत आज खेला जाएगा। आपको बता दें कि अगर आज भी बारिश के कारण ये मैच नहीं हुआ तो गुजरात टाइटंस की टीम विजेता घोषित कर दी जाएगी क्योंकि वो प्वाइंट्स टेबल पर 20 अंकों के साथ नंबर वन की पोजिशन पर है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स 17 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर विराजमान है।
धोनी लेंगे आईपीएल से संन्यास!
नियम के मुताबिक जो टीम के अंकतालिका में टॉप पर होती है उसे ही ट्रॉफी दी जाती है और अगर ऐसा हुआ तो ये वाकई में धोनी के चाहने वालों के लिए थोड़ी निराश होने वाली बात होगी क्योंकि ऐसा अनुमान है कि ये धोनी का लास्ट आईपीएल टूर्नामेंट हो सकता है और वो अगले आईपीएल से पहले इससे संन्यास का ऐलान कर सकते हैं।
धोनी ने नहीं दिया है कोई बयान
हालांकि धोनी ने इस बारे में खुलकर तो कुछ नहीं कहा लेकिन जिस तरह से उन्होंने इंटरनेशनल मैचों से और टीम इंडिया की कप्तानी छोड़ने का फैसला अचानक से लोगों को सुनाया था, उससे यही लगता है कि वो आईपीएल को लेकर भी ऐसा ही कुछ करेंगे।
साल 2019 में भी यही हुआ था
फिलहाल ये बात यहां इसलिए भी हो रही है क्योंकि आईपीएल की ही तरह साल 2019 में भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल मैच बारिश की वजह से रिजर्व-डे के हत्थे चढ़ा था, ये मुकाबला मैनचेस्टर में हुआ था। लेकिन इसमें भारत की हार हुई थी। ये धोनी का अंतिम इंटरनेशनल वन डे मैच था, इसके बाद साल 2020 में धोनी ने अचानक से संन्यास का ऐलान कर दिया था।
धोनी, बारिश और संन्यास...की बातें
अब एमएस धोनी आगे आईपीएल खेलेंगे या नहीं ? ये सवाल हर किसी के दिमाग में चल रहा है, क्योंकि हालात ऐसे ही बन रहे हैं। एक बार फिर से फाइनल मैच बारिश के कारण 'रिजर्व डे' पर चला गया है इसलिए लोग सोशल मीडिया पर 'धोनी, बारिश और संन्यास' को लेकर बातें कर रहे हैं।
सबसे ज्यादा आईपीएल खेलने वाले खिलाड़ी
मालूम हो कि महेंद्र सिंह धोनी 249 आईपीएल मैच खेल चुके हैं, अगर वो आज मैदान में खेल के लिए उतरेंगे तो वो 250वां खेलने वाले आईपीएल के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे। 'मिस्टर कूल' के नाम से मशहूर धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स 10वीं बार आईपीएल का फाइनल खेलने जा रही है, जिसमें चार बार वो चैंपियन बनी है।
249 मैचों में 5082 रन बनाए
CSK की पहचान बने महेंद्र सिंह धोनी ने अब तक 249 मैचों में 39.09 की औसत से 5082 रन बनाए हैं , जिसमें 24 पचासे शामिल हैं। धोनी चेन्नई के अलावा आईपीएल में पुणे सुपर जाएंट्स के भी खिलाड़ी रहे हैं। कप्तान के रूप में भी सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड भी धोनी के नाम पर है।












Click it and Unblock the Notifications