IPL 2023: चेन्नई सुपर किंग्स का अहम खिलाड़ी होगा बाहर? सुरेश रैना ने दिया बड़ा अपडेट
IPL 2023, CSK: दीपक चाहर मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। पहले ओवर में ही यह देखने को मिला। इसके बाद वह वापस मैदान पर नहीं लौटे।

IPL 2023 Chennai Super Kings update Hindi: आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजी विभाग में मुश्किलें देखने को मिल सकती हैं। मुख्य गेंदबाजों में से एक दीपक चाहर मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में चोटिल हुए थे। चाहर को तुरंत उपचार देते हुए ओवर पूरा कराया गया था। इसके बाद वह मैदान से बाहर चले गए और वापस नहीं आए। ताजा रिपोर्ट्स की मानें तो दीपक चाहर को कुछ समय के लिए गेम से दूर होना पड़ सकता है।
दीपक चाहर पिछले साल आईपीएल में हेमस्ट्रिंग की चोट के कारण नहीं खेल पाए थे। एक बार फिर से उनको हेमस्ट्रिंग में चोट लगी है। ऐसा लगता है कि इस चोट के कारण उनको कुछ दिनों के लिए फिर से मैदान से बाहर जाना पड़ सकता है। चाहर की चोट को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व खिलाड़ी सुरेश रैना ने प्रतिक्रिया दी है।
जियो सिनेमा पर सुरेश रैना ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि दीपक चाहर को फिर से हेमस्ट्रिंग में चोट लगी है और वह 4-5 मैचों से बाहर रहेंगे। आईपीएल के अन्य वेन्यू चेन्नई से काफी दूर हैं और टीम को काफी ट्रेवल करना है। रैना के बयान से ऐसा प्रतीत होता है कि चाहर कुछ मैचों से बाहर हो सकते हैं। हालांकि चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी चाहर की अहमियत पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि हमें नहीं भूलना चाहिए कि पहले ओवर में ही दीपक मैदान से बाहर हो गए थे। वह नई गेंद के गेंदबाज हैं। मगाला अपना पहला ही मुकाबला खेल रहे थे।
गौरतलब है कि चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को मुकाबले में एकतरफा हरा दिया। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने यह मैच 7 विकेट के बड़े अंतर से जीत लिया। मुंबई इंडियंस ने पहले खेलते हुए 157 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाबी पारी में खेलते हुए चेन्नई ने 3 विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। चेन्नई की इस सीजन यह दूसरी जीत रही। मुंबई इंडियंस के लिए यह सीजन अब तक फीका ही रहा है। मुंबई इंडियंस को लगातार दूसरी बार हार का सामना करना पड़ा है। इससे पहले आरसीबी ने भी मुंबई को हराया था। मुंबई का अंक तालिका में फ़िलहाल खाता भी नहीं खुला है।












Click it and Unblock the Notifications