IPL 2023 में चमक रही है धोनी की खोज, बिल्कुल मलिंगा जैसा है एक्शन, VIDEO में देखें गेंदबाज का दमखम
IPL 2023 Matheesha Pathirana: जूनियर लसिथ मलिंगा की बॉलिंग आईपीएल 2023 में काफी दमखम दिखा रही है। 20 साल के मथिशा पथिराना इस सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स और धोनी की खोज हैं।

IPL 2023 Matheesha Pathirana Bowling: चेन्नई सुपर किंग्स के युवा तेज गेंदबाज मथिशा पथिराना अपनी टीम के लिए वह काम करते हुए दिखाई दे रहे हैं जो यह सीजन शुरू होने से पहले एक सवाल के तौर पर खड़ा था।
आईपीएल 2023 की शुरुआत से पहले सभी टीमों के विश्लेषण के दौरान बड़े-बड़े एक्सपर्ट लोगों ने चिंता जाहिर की थी कि चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के पास वैसे गेंदबाज नहीं है जो डेथ ओवर में बढ़िया बोलिंग करके दे सके।
ऐसे में पथिराना एक जवाब के तौर पर उभरते हैं। श्रीलंका का 20 साल का यह युवा गेंदबाज अपने बॉलिंग एक्शन से लसिथ मलिंगा की याद दिलाता है।
पथिराना ना सिर्फ इस आईपीएल में बेहतर करते हुए दिखाई दे रहे हैं बल्कि वे येलो आर्मी के लिए भविष्य की बड़ी उम्मीद भी जगा रहे हैं। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने जब सीजन के 29वे मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना किया तो पथिराना चमके।
एम ए चिदंबरम स्टेडियम में इस मुकाबले में पथिराना ने हैदराबाद की पारी को 134 समेटने में अहम भूमिका अदा की। उन्होंने 4 ओवर में 22 रन देकर 1 विकेट लिया। इस गेंदबाज ने अपनी स्पीड से भी इस आईपीएल में प्रभावित किया है।
पथिराना के लिए अभी हर तरह के क्रिकेट की फिलहाल शुरुआत ही है। उन्होंने ओवरऑल 11 टी20 मुकाबले खेले हैं और 27 के औसत के साथ 9 विकेट लिए हैं। लिस्ट ए मैचों में वे तीन मैच ही खेल पाए हैं जबकि फर्स्ट क्लास क्रिकेट में दो ही मैच खेले हैं।
धोनी की खोज- इस गेंदबाज ने पिछले मुकाबले में 4 ओवर में 42 रन देकर दो विकेट लिए थे और आरसीबी के खिलाफ 20 ओवर में 19 रन भी डिफेंड किए थे। पथिराना को महेंद्र सिंह धोनी की खोज कहा जाए तो गलत नहीं होगा।
इस गेंदबाज के कोच ने इस बात का खुलासा किया कि पथिराना जब केवल 17 या 18 साल के थे और कोरोनावायरस महामारी अपने चरम पर थी, तब धोनी ने एक लेटर लिखा था जिसमें उन्होंने पथिराना को वैक्सीन लगवाकर यूएई में टीम के साथ जुड़ने के लिए कहा था।
तब तक पथिराना पहले ही अंडर-19 वर्ल्ड कप खेल चुके थे जो उन्होंने 2020 में खेला था और बांग्लादेश लीग का भी हिस्सा रह चुके थे। पथिराना के कोच बताते हैं कि इस गेंदबाज की एक वीडियो वायरल हो गई थी और तब चेन्नई सुपर किंग्स ने जूनियर लसिथ मलिंगा में अपनी दिलचस्पी दिखाई।












Click it and Unblock the Notifications