IPL में मोटी रकम मिलने पर भी परेशान हुए ईशान किशन, टेंशन में एक पल के लिए धड़कन थम गई थी
नई दिल्ली, 24 फरवरी: भारत के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन को मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2022 की नीलामी में मोटी रकम में खरीदा है। मुंबई इंडियंस की टीम स्टार विकेटकीपर किशन को किसी भी हाल में अपने खेमे में लेना चाहती थी और उसने बोली कि सभी हदों को पार करते हुए 15.25 करोड में इस युवा खिलाड़ी को एक बार फिर अपनी टीम में हासिल कर लिया। ईशान किशन इससे पहले भी मुंबई इंडियंस की टीम के सदस्य थे लेकिन मेगा नीलामी से पहले एमआई ने केवल चार ही खिलाड़ी रिटेन किए थे जिसमें ईशान किशन का नाम नहीं था।

दिल की धड़कन थाम दी
ईशान किशन का कहना है कि नीलामी में जो रकम मिली है उसने कुछ पल के लिए उनकी दिल की धड़कन थाम दी। 23 साल के बल्लेबाज का आईपीएल में कैरियर कुछ ऐसा रहा है कि उन्होंने 61 मुकाबले खेले हैं। साल 2018 से वे मुंबई इंडियंस के साथ जुड़े हुए हैं और उन्होंने 1452 रन बनाए हैं जिसमें उनका औसत 28.7 रहा है जबकि स्ट्राइक रेट 136.34 का रहा। यह आंकड़े कोई जबरदस्त नहीं है लेकिन ईशान किशन को मुंबई इंडियंस अपने कोर ग्रुप के लिए काफी अहम मानती है। उनके नाम 9 अर्धशतक है जबकि उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर के खिलाफ 99 रन बनाए थे जो उनका सर्वश्रेष्ठ आईपीएल स्कोर भी है।

चिंतित इसलिए होना पड़ गया क्योंकि...
ईशान किशन अपने दिन पर मुंबई इंडियंस के लिए मैच विजेता रहे हैं। एमआई ने अपने इस बल्लेबाज के लिए तिजोरी खोलने में कोई कसर नहीं छोड़ी। टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ बातचीत में इशान किशन ने कहा कि वे जानते थे मुंबई इंडियंस उनको जरूर लेगी तो बिकने के बारे में कोई चिंता नहीं थी लेकिन चिंतित इसलिए होना पड़ गया क्योंकि पैसा भर बढ़ता जा रहा था क्योंकि मुंबई इंडियंस को बाकी टीम को बनाने के लिए पैसे बचाने की जरूरत थी। मुंबई इंडियंस केवल मुझ पर ही इतनी रकम खर्च नहीं कर सकती इसलिए 1 मिनट के लिए मुझे मानना पड़ेगा कि मेरी धड़कन ही मानों थम सी गई।

MI के सिवा दूसरी फ्रेंचाइजी में क्यों नहीं जाना था-
ईशान किशन बताते हैं कि वह मुंबई इंडियंस के लिए वापस क्यों खेलना चाहते थे। इसका कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस मुझे जानते हैं। वह मेरे खेल को समझते हैं और मुझे पता है वह फ्रेंचाइजी कैसे काम करती है। मुंबई इंडियंस एक परिवार की तरह है जिसका में हिस्सा हूं तो मुझे पता था कि मैं कहीं और नहीं खरीदा जाऊंगा। मैं 4 साल से मुंबई इंडियंस में हूं और उनके साथ मेरे संबंध जबरदस्त है। हमने एक साथ दो ट्रॉफी जीती है और हर परिस्थिति में एक दूसरे के साथ खड़े रहे हैं। वे मेरे क्रिकेट को जानते हैं और मुझे पता है कि वह देखभाल करते रहेंगे तो इसलिए मैं कहीं और जाना नहीं चाहता था।

मुंबई इंडियंस के कोर ग्रुप का हिस्सा हैं ईशान-
आईपीएल 2022 की नीलामी पूरी होने के बाद अब बाकी टीमें मैदान पर उतरने के लिए तैयार है। अगले महीने से आप इस प्रतियोगिता को देख पाएंगे। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने पिछली बार तो कोई खिताब नहीं जीता था लेकिन इस बार वे फिर रोहित शर्मा की कमान पर भरोसा दिखाते हुए अपना दमखम झोंकना चाहेंगे। फ्रेंचाइजी रोहित शर्मा, किरॉन पोलार्ड सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह को पहले ही रिटेन कर चुकी है और ईशान किशन को लेने के बाद उन्होंने अपना कोर ग्रुप मजबूत किया है। कुल मिलाकर मुंबई की टीम इस बार मैदान में उतरेगी तो वह पूरी तरह बदली नहीं दिखाई नहीं देगी क्योंकि जिन खिलाड़ियों ने मुंबई इंडियंस को इतना शक्तिशाली बनाया है वे अभी भी खेलते हुए दिखाई देंगे। हालांकि इस बार क्रुणाल पांड्या और हार्दिक पंड्या जैसे बेहद अहम खिलाड़ी एमआई में नहीं दिखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications