'अब वो 3D नहीं 4D खिलाड़ी बन जायेगा', जडेजा की कप्तानी पर जानें क्या बोले पूर्व सीएसके स्टार
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन के ओपनिंग मैच से महज 48 घंटे पहले सीएसके के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला कर सभी को चौंका दिया। गुरुवार 24 मार्च 2022 को जब धोनी ने यह फैसला लिया तो उसी के साथ चेन्नई सुपर किंग्स के लिये एक युग का समापन हो गया। वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के खिलाफ रविंद्र जडेजा को टीम की कमान संभालने का मौका मिला और उनके करियर की नयी पारी का भी आगाज हो गया।

सीएसके की टीम की ओर से किये गये इस ऐलान ने खेल जगत के कई दिग्गज खिलाड़ियों को हैरान कर दिया है। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के इस फैसले पर टीम के पूर्व खिलाड़ी एस बद्रीनाथ ने अपनी प्रतिक्रिया दी है और बताया कि वो इस फैसले को सुनने के बाद पूरी तरह से हैरान रह गये थे।
और पढ़ें: CSK vs KKR: आईपीएल के पहले मैच में अय्यर ने जीता टॉस, जानें कैसी है दोनों टीमों की प्लेइंग 11

अब 4डी क्रिकेटर बन जायेंगे जडेजा
एस बद्रीनाथ ने चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए साल 2010 और 2011 में खिताबी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभायी थी। रविंद्र जडेजा को टीम का नया कप्तान बनाये जाने पर उन्होंने जडेजा की जमकर तारीफ की है और कहा कि कप्तानी की जिम्मेदारी आने के बाद वो 4 डाइमेंशनल क्रिकेटर बन गये हैं।
टाइम्स नाउ के साथ बात करते हुए बद्रीनाथ ने कहा,'जडेजा हमेशा से एक गेंदबाज के रूप में देखे जाते थे लेकिन पिछले दो सालों में वो एक बल्लेबाज के रूप में काफी उभर कर सामने आये हैं। उनके खेल की सबसे बड़ी बात यह है कि उनकी बल्लेबाजी में काफी सुधार हुआ है, जिसकी वजह से वो एक शानदार ऑलराउंडर बनकर उभरे हैं और एक 3 डाइमेंशनल क्रिकेटर बन गये हैं।'

जडेजा ने कभी नहीं की है कप्तानी
बद्रीनाथ ने आगे बात करते हुए कहा,'अब जब उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी मिल गई है तो वो चौथे डाइमेंशन के खिलाड़ी भी बन गये हैं। उनके पक्ष में सिर्फ एक ही बात है जो नहीं जाती है जो यह है कि उन्होंने कभी भी किसी टीम की कमान नहीं संभाली है। यहां तक कि फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी, यह इकलौती ऐसी चीज है जिसकी ओर वो देख रहे हैं। हालांकि वो टीम में कितनी अहमियत लेकर आते हैं यह हम सभी जानते है। मेरे लिये चिंता की बात यही है कि उन पर दबाव बढ़ जायेगा क्योंकि उन्हें अहम जगह फील्डिंग करनी है, गेंदबाजी करनी है, बल्लेबाजी करनी है और अब कप्तानी भी करनी है।'

कप्तान बनने पर जानें क्या बोले थे जडेजा
गौरतलब है कि आईपीएल 2022 की नीलामी से पहले चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने रविंद्र जडेजा को पहले खिलाड़ी के रूप में रिटेन किया और 16 करोड़ रुपये दिये। इसके बाद धोनी को 12 करोड़ रुपये में उसने रिटेन किया।
कप्तान बनाये जाने पर बात करते हुए जडेजा ने कहा,'मुझे काफी बड़ी जिम्मेदारी दी गई है, माही भाई पहले ही एक बड़ी लेगेसी छोड़कर जा रहे हैं, जिसे मुझे आगे लेकर जाना है। इसका दबाव जरूर है पर मुझे खुशी भी हो रही है। अच्छी बात यह है कि माही भाई अभी वहां पर हैं तो मुझे ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है क्योंकि जब भी कुछ पूछना होगा तो मैं उनके पास जाउंगा। वो मेरे लिये किसी भी डिसीजन पर बात करने के लिये पहले व्यक्ति होंगे। वो मेरे कप्तान थे और हमेशा रहेंगे।'












Click it and Unblock the Notifications