इस बल्लेबाज ने फास्ट बॉलरों को इतना धोया, वेंगसरकर ने कर दी टेस्ट टीम में लेने की वकालत
नई दिल्ली, 2 मई: भारत के पूर्व कप्तान दिलीप वेंगसरकर ने चेन्नई सुपर किंग्स के ओपनिंग बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ की तारीफ की है। गायकवाड़ ने हाल में ही चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बहुत अच्छी पारी खेली और 99 रन बनाए जिसके दम पर सीएसके को जीतने में मदद मिली और वे प्लेऑफ की रेस में बने हुए हैं। उनकी टीम ने 13 रन से जीत हासिल की। वेंगसरकर का कहना है कि इस खिलाड़ी को भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिलनी चाहिए।

वेंगसरकर ने तेज गेंदबाजों का सामना करने की काबिलियत देखी-
गायकवाड़ पुणे में अपने घरेलू मैदान पर खेलते हुए शतक बनाने के लिए सिर्फ एक रन से चूक गए। उन्होंने अपने ओपनिंग पार्टनर डेवोन कॉनवे के साथ 182 रन की शानदार साझेदारी की। गायकवाड़ को टी नटराजन ने 18वें ओवर में आउट किया। उन्होंने केवल 57 गेंदों में 99 रन बनाए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वेंगसरकर ने SRH के तेज गेंदबाजों का सामना करने की गायकवाड़ की काबिलियत की सराहना की।

उमरान मलिक का सामना बहुत अच्छे से किया
रुतुराज गायकवाड़ ने विशेष रूप से उमरान मलिक का सामना बहुत अच्छे से किया। ये वही उमरान मलिक हैं जिन्होंने पिछले गेम में पांच विकेट लिए थे।
वेंगसरकर ने द इंडियन एक्सप्रेस के हवाले से कहा, "अपने पहले के मैच में, उमरान ने कुछ बल्लेबाजों के स्टंप्स को चकनाचूर कर दिया था। लेकिन इस मैच में, रुतुराज ने उसे सामने से आकर पूरी तरह से संभाला।"
Recommended Video

रुतुराज गायकवाड़ को टेस्ट टीम में खिलाओ
उन्होंने कहा, "जिस तरह से रुतुराज ने तेज गेंदबाजों की तेज गेंदें खेलीं, खासकर शॉर्ट वाली, इस तरह से चयनकर्ताओं को खुश होना चाहिए। भारतीय खिलाड़ियों ने हाल ही में गति और उछाल से निपटना असंभव पाया है। वह आराम से खेला, रुतुराज शॉर्ट गेंद के खिलाफ आत्मविश्वास से भरा हुआ था। मुझे लगता है कि चयनकर्ताओं को रुतुराज को भारत की टेस्ट टीम में शामिल करने में समय बर्बाद नहीं करना चाहिए।

शॉट लगाने के तरीके और समय ने प्रभावित किया
वेंगसरकर गायकवाड़ के शॉट लगाने के तरीके और समय से प्रभावित थे। उन्हें लगता है गायकवाड़ ने खेल के सबसे छोटे प्रारूप में अपनी योग्यता साबित की है।
वेंगसरकर ने आगे कहा, "मुझे खुशी है कि यह मैच जिताने वाली पारी थी। यह भी महत्वपूर्ण है कि उन्होंने उचित क्रिकेट शॉट खेले। कोई अजीब या हताशा में लगाई हिटिंग या क्रॉस-बैट से लगाया शॉट नहीं था। रुतुराज सीधे बल्ले से खेलते हैं। वह पहले ही खेल के छोटे प्रारूप में अपनी काबिलियत साबित कर चुके हैं। मुझे विश्वास है कि वह टेस्ट और वनडे दोनों में सफल होंगे। वह टेस्ट टीम के लिए उपयुक्त दिखते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications