बेबसी की मुस्कान झुंझलाहट में बदल गई, ऊपर वाले पर चिल्लाए कोहली, टूट गया फैंस का दिल
मुंबई, 14 मई: विराट कोहली का बुरा सपना जारी है। यह लंबा खिच गया है और आईपीएल 2022 अभी भी कुछ दिन का बाकी है। लंबे समय से बुरे दौर से गुजर रहे विराट कोहली इस बार पंजाब किंग्स के सामने बैटिंग के लिए आए। टारगेट 210 रनों का था। कोहली के आलोचक उनको इस परिस्थिति में बैटिंग करते देखने के लिए उत्सुक थे और उनके फैंस अपने चहेते खिलाड़ी की कामयाबी की दुआ कर रहे थे।
Recommended Video

कोहली ने मस्त शुरुआत की
कोहली ने मस्त शुरुआत की। शुरुआत से ही पॉजिटिव लगे और देखते ही देखते 20 रन बना दिए। जब लगा कि पूर्व कप्तान को उसका मोजो मिल गया है तब वे फैंस को निराश करके फिर चलते बने।
20 रनों पर खेल रहे कोहली के सामने कैगिसो रबादा थे जो इस प्रतियोगिता में बहुत ही बेहतरीन गेंदबाजी कर रहे हैं। रबाडा की एक शॉर्ट गेंद पर कोहली ने रूम बनाकर खेलने का प्रयास किया लेकिन गेंदबाज ने चतुराई से इसको विराट की बॉडी पर टारगेट किया था। कोहली ने पुल कर दिया, गेंद बल्ले के बजाए शरीर से लगी और लेग पर पास ही में खड़े राहुल चाहर के हाथों में समा गई।

नाटकीय घटनाओं का एक और सिलसिला शुरू
इसके बाद बड़ी जोरदार अपील हुई लेकिन अंपायर ने आउट नहीं दिया। यहां से नाटकीय घटनाओं का एक और सिलसिला शुरू हुआ क्योंकि मयंक अग्रवाल ने डीआरएस लिया जिसमें पता चला गेंद कोहली के शरीर से टकराने से पहले उनके दस्तानों का बड़ा ही महीन सा हिस्सा छूकर गई है। मैदानी अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा और कोहली 20 रन बनाकर आउट हो गए।
कोहली भाग्य पर यकीन नहीं कर सके। उनको पता ही नहीं था कि गेंद ने दस्तानों का महीन हिस्सा लिया है। अल्ट्रा एज में साफ था कि यह बहुत ही बारीक हिस्सा होगा।

इस बार वे झल्ला उठे
कोहली बिफर उठे। पवेलियन की ओर लौटने लगे और आसमान में मानों भगवान को देख रहे थे, फिर चिल्लाने लगे। इससे पहले इसी सीजन में गोल्डन डक्स पर आउट होते रहे कोहली ने केवल बेबस मुस्कान के साथ पवेलियन का रुख किया था लेकिन इस बार वे झल्ला उठे थे। बुरी तरह झुंझला रहे थे और साफ था कि पूर्व कप्तान भी जानता है कि बुरा दौर अब हाथ धोकर पीछे पड़ गया है।
वीडियो देखने के लिए नीचे क्लिक करें-
कोहली को यह कहते हुए देखा गया- वीडियो
ऊपर बैठे उस भगवान से कोहली को यह कहते हुए देखा गया- "और मैं ऐसा क्या करूं जो तुम मुझसे कराना चाहते हो, मारो मुझे।"
इन शब्दों में सारी भावनाओं का मिला जुला मिश्रण दिखाई दिया। इस तरह से कोहली को देखना फैंस को रूला रहा है क्योंकि उनका कहना है कि वे विराट को पहली बार ऐसे देख रहे हैं। ट्विटर पर दिल तोड़ने वाली इमोजी की भरमार आ गई है। उनके रियक्शन देखे जा सकते हैं।

विराट का ये रोना दिल भारी करता है
विराट का ये रोना दिल भारी करता है और फैंस नहीं चाहते कि यह खिलाड़ी अब और यातना से गुजरे। शायद क्रिकेट के लिए भी बेहतर है कि किसी तरह कोहली इस समय को जल्द से गुजार दें क्योंकि भारत को आने वाले समय में कई अभियान करने हैं जहां पर विराट कोहली अहम होंगे। ये आईपीएल दिग्गजों के लिए बुरा रहा। ना कोहली चले ना ही रोहित, रवींद्र जडेजा को कप्तानी छोड़नी पड़ी और बतौर खिलाड़ी भी कुछ नहीं कर पाए। मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स को पहले ही दौर में बाहर होना पड़ा। यह आईपीएल वाकई बड़े नामों पर भारी पड़ा। एक बार फिर खेल जिंदगी जैसा साबित हुआ- उतार-चढ़ाव भरा।












Click it and Unblock the Notifications