IPL 2022 : दिल्ली कैपिटल्स में शामिल हुए डेविड वार्नर, डु प्लेसिस बिके 7 करोड़ में

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग का 15वां सीजन इसी साल खेला जाएगा। लेकिन इसके शुरू होने से पहले कई खिलाड़ियों पर करोड़ों में बोली लगी। बेंगलुरु में नीलामी में कई स्टार खिलाड़ियों को करोड़ों रुपए की बोली लगी। आठ पुरानी टीमों के साथ गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स ने भी नीलामी में हिस्सा लिया। नीलामी में डेविड वार्नर को दिल्ली कैपिटल्स ने खरीद लिया है।
Recommended Video
यह भी पढ़ें- IPL 2022 : शिखर धवन बिके करोड़ों में, इस टीम के लिए खेलते हुए आएंगे नजर

2 करोड़ था बेस प्राइस
वार्नर ने पिछला सीजन सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेला था। साल 2016 में उन्होंने बताैर कप्तान हैदराबाद को चैंपियन भी बनाया था। लेकिन आईपीएल 2022 में वार्नर दिल्ली कैपिटल्स के लिए ओपनिंग करते हुए नजर आएंगे। वार्नर का बेस प्राइस 2 करोड़ था। उन्हें खरीदने के लिए शुरू में सीएसके ने भी दिलचस्पी दिखाई। मुंबई ने भी उनके लिए 6 करोड़ तक की बोली रखी, लेकिन अंत में दिल्ली ने 6.25 करोड़ में वार्नर को खरीद लिया।
वॉर्नर ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत दिल्ली की टीम से की थी। वह आईपीएल के एक सफल खिलाड़ी हैं और अब तक 150 मैच खेल चुके हैं, जिसमें 5400 से अधिक रन बनाए हैं और 54 बार 50 का आंकड़ा पार किया है। वार्नर पिछले कुछ सालों से आईपीएल में हैदराबाद के लिए खेल चुके हैं। हालांकि पिछले साल उनके और टीम प्रबंधन के बीच विवाद सामने आया था। इसके बाद वॉर्नर हैदराबाद से अलग हो गए।

डु प्लेसिस बिके 7 करोड़ में
इसके अलावा फाफ डु प्लेसिस के लिए दिल्ली कैपिटल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर में जंग देखने को मिली। हालांकि, बैंगलोर अंत तक दौड़ में रहा और डु प्लेसिस को अपनी टीम में शामिल कर लिया। डु प्लेसिस की कीमत 2 करोड़ रुपए थी। हालांकि बैंगलोर की टीम ने उन्हें 7 करोड़ रुपए में खरीदा। एबी डिविलियर्स बैंगलोर की टीम के लिए खेलते नहीं दिखेंगे, लेकिन उनके बचपन के दोस्त और साउथ अफ्रीका के पूर्व साथी डु प्लेसिस बैंगलोर टीम के लिए खेलते नजर आएंगे। डिविलियर्स ने हाल ही में क्रिकेट से संन्यास ले लिया है।
गाैर हो कि फाफ डु प्लेसिस पिछले कुछ सीजन से चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अहम खिलाड़ी रहे हैं। वह पिछले सीजन में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। उन्होंने पिछले साल 633 रन बनाए थे। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 100 मैच खेले हैं, जिसमें 2935 रन और 22 अर्धशतक दर्ज हैं।

क्विंटन डी काॅक इस टीम से जुड़े
साथ ही विकेटकीपर क्विंटन डी काॅक को नई टीम लखनऊ सुपर ज्वाइंट्स ने खरीद लिया है। उन्हें लखनऊ ने 6.75 करोड़ में खरीदा है। लखनऊ सुपर जायंट्स, मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स ने डी कॉक को खरीदने के लिए दिलचस्पी दिखाई। अंत में लखनऊ सुपर जायंट्स ने डी कॉक को अपनी टीम में शामिल करने के लिए 6.75 करोड़ रुपए की बोली लगाई है। डी कॉक इससे पहले आईपीएल की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने पिछले साल मुंबई के लिए 11 मैचों में 297 रन बनाए थे। अपने आईपीएल करियर में उन्होंने अब तक 77 मैचों में 2256 रन बनाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications