IPL 2022: जडेजा पर भारी पड़ी अय्यर की कप्तानी, ओपनिंग मैच में कोलकाता ने चेन्नई को हराया
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज हो गया है, जिसका पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के साथ दो नये कप्तानों के बीच खेला गया। जहां पर चेन्नई सुपर किंग्स के लिये इस मैच में रविंद्र जडेजा ने अपनी कप्तानी का डेब्यू किया तो वहीं पर दिल्ली का साथ छोड़कर कोलकाता की कमान संभालने वाले श्रेयस अय्यर ने भी शानदार खेल दिखाया। केकेआर की टीम के लिये श्रेयस अय्यर ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और शानदार कप्तानी के दम पर टीम को एक आसान जीत दिलाने का काम किया।

आईपीएल 2022 के ओपनिंग मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ज्यादा अच्छी शुरुआत नहीं कर सकी, जिसका असर उसके स्कोर पर भी नजर आया और निर्धारित 20 ओवर्स में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 131 रन ही बना सकी। जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने बल्लेबाजों के दम पर आसानी से लक्ष्य को हासिल कर लिया और 6 विकेट से जीत हासिल की।
और पढ़ें: CSK vs KKR: वरुण की गेंद पर बोल्ड हुए रायडु पर मिला चौका, रिप्ले देख मचा हंगामा

धोनी के दम पर बची चेन्नई की लाज
सीएसके की टीम को अपने पहले मैच में मोइन अली की कमी साफ नजर आयी तो वहीं पर रविंद्र जडेजा की कप्तानी में अनुभव की कमी साफ नजर आयी। पिछले सीजन के ऑरेंज कैप विनर ऋतुराज गायकवाड़ पहले ही ओवर में वापस चले गये तो वहीं पर 11वें ओवर तक सीएसके की टीम ने 11 ओवर्स में सिर्फ 61 रन के स्कोर पर अपनी आधी टीम को खो दिया था। सीएसके की टीम के लिये इस मैच में सिर्फ एक ही अच्छी बात हुई वो थी पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की फॉर्म में वापसी जिन्होंने 38 गेंदों में 7 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 50 रन बनाये और टीम के स्कोर को 131 पर पहुंचा दिया।

धोनी ने अर्धशतक लगा तोड़ा द्रविड़ का रिकॉर्ड
अपनी इस पारी के साथ ही धोनी आईपीएल के इतिहास में अर्धशतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय खिलाड़ी बन गये हैं, जिन्होंने 40 साल 262 दिन की उम्र में आईपीएल करियर का 24वां अर्धशतक लगाया। धोनी ने इस मामले में राहुल द्रविड़ (40 साल 116 दिन, राजस्थान रॉयल्स) का रिकॉर्ड तोड़ा है। वहीं ओवरऑल रिकॉर्ड पर नजर डालें तो एडम गिलक्रिस्ट का नाम सबसे ऊपर है जिन्होंने 41 साल 181 दिन की उम्र में पंजाब के लिये अर्धशतक लगाया था। वहीं क्रिस गेल (41 साल 24 दिन, पंजाब किंग्स), राहुल द्रविड़ (40 साल 116 दिन, राजस्थान रॉयल्स), सचिन तेंदुलकर (39 दिन 362 दिन, मुंबई इंडियंस) और माइकल हसी (39 दिन 360 दिन, सीएसके) का नाम शामिल है।

जीत हासिल करने में केकेआर को लग गये 19 ओवर्स
वहीं रनों का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने अजिंक्य रहाणे (44) और वेंकटेश अय्यर (16) के दम पर अच्छी शुरुआत करते हुए 43 रनों की साझेदारी की जिसे ड्वेन ब्रावो ने तोड़ने का कारनामा किया। इसके बाद नितिश राणा (21) ने दो चौके और एक छक्के की मदद से तेजतर्रार पारी खेली लेकिन ब्रावो ने एक बार फिर से साझेदारी को तोड़ा। मिचेल सैंटनर ने अर्धशतक के करीब पहुंच रहे अजिंक्य रहाणे का विकेट लेकर तीसरा झटका दिया। यहां से केकेआर की टीम के लिये कप्तान श्रेयस अय्यर (17) और सैम बिलिंग्स (25) ने टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचाते हुए 36 रनों की साझेदारी की, लेकिन ब्रावो ने बिलिंग्स का विकेट लेकर अपना तीसरा विकेट हासिल किया। सीएसके ने काफी छोटा स्कोर बनाया लेकिन इसके बावजूद केकेआर की टीम को इसे चेज करने में 19 ओवर्स लग गये।

ब्रावो ने की मलिंगा के रिकॉर्ड की बराबरी
केकेआर के लिये ड्वेन ब्रावो ने सबसे शानदार गेंदबाजी की और 4 ओवर्स के स्पेल में 20 रन देकर 3 विकेट हासिल किये। इसके चलते ड्वेन ब्रावो ने अपना नाम आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज की लिस्ट में टॉप पर पहुंच गये हैं। ड्वेन ब्रावो ने इस मामले में लसिथ मलिंगा (170 विकेट) के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। वहीं पर अमित मिश्रा (166) इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर काबिज हैं। सीएसके के लिये ब्रावो का विकेट हासिल करना और धोनी का रन बनाना काफी अच्छी खबर है।












Click it and Unblock the Notifications