लाखों लोगों के सामने खुल गया ये बुरा सपना, बहुत मुश्किल है विराट कोहली होना: आकाश चोपड़ा
नई दिल्ली, 27 अप्रैल: विराट कोहली की भयानक रूप से खराब फॉर्म अब भारत के हर कोने में गूंजने लगी है। हर किसी के यह बात समझ में आ गई है कि कोहली के साथ कुछ तो गड़बड़ चल रही है। कोहली जब फील्डिंग करने आते हैं तो उनके हावभाव आज भी पुराने अंदाज वाले हैं लेकिन बैटिंग के दौरान उनकी हालत पतली हो रही है। वो खिसियाहट भरी मुस्कान के साथ आउट हो रहे हैं। आरसीबी का पूरा भरोसा कोहली पर है इसलिए उनको टीम से कोई नहीं निकाल सकता। ये आईपीएल है इसलिए यहीं पर फॉर्म वापसी हो जाए तो बेहतर होगी, वर्ना नेशनल लेवल पर ये फॉर्म उनको प्लेइंग इलेवन में भी जगह नहीं दिलाती है।
Recommended Video

एक ऐसा सपना जो बहुत भयानक है-
ये बात कोहली जैसे कद वाले खिलाड़ी के लिए बुरे सपने जैसी है। एक ऐसा सपना जो बहुत भयानक हो, जो सबसे डरावना हो। कोहली होना सच में बहुत कठिन है। अगर वे एक साधारण खिलाड़ी होते तो किसी तरह ये दौर गुजार लेते। अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा भी इसी दौर से गुजर रहे हैं लेकिन हायतौबा कोहली को लेकर ही मचनी है क्योंकि वे विराट कोहली हैं। इसलिए भारत के पूर्व ओपनर और वर्तमान में कमेंटेटर आकाश चोपड़ा का कहना है कि कोहली का ये भयानक सपना भारत के लाखों-करोड़ों लोगों के सामने खुलने लगा है, तो वाकई में विराट इस समय किस दौर से गुजर रहे हैं इसकी केवल कल्पना की जा सकती है।

9 ही रन कर पाए
ताजा मुकाबला में आरसीबी ने आरआर के खिलाफ कोहली को ओपनर के तौर पर उतारा लेकिन वे केवल 9 ही रन कर पाए और उनको प्रसिद्ध कृष्णा ने आउट कर दिया। इससे पहले कोहली दो मैचों में गोल्डन डक भी हासिल कर चुके हैं। पिछले तीन आउट ने कोहली को अपनी रणनीति और तकनीक के बारे में नए सिरे से सोचने पर मजबूर किया होगा। ये वो कोहली हैं जो आधुनिक क्रिकेट के एक महान बल्लेबाज माने जाते हैं।

अभी विराट कोहली होना वाकई मुश्किल है
आईपीएल के इतिहास में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी कोहली इस सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए बल्ले से प्रदर्शन करने में विफल रहे हैं। 2008 में अपने डेब्यू सीजन के बाद से यह आरसीबी स्टार का सबसे खराब सीजन है। अब तक 9 आईपीएल 2022 खेलों में, विराट कोहली ने 16 की औसत से केवल 128 रन बनाए हैं।
आकाश चोपड़ा ने कहा, "विराट कोहली एक बुरा सपना जी रहे हैं, कुछ के लिए ये सपना खत्म हो जाता है, बुरा समय खत्म हो जाता है। यह भयानक सपना अब लाखों लोगों के सामने प्रकट हो रहा है। अभी किसी के लिए भी विराट कोहली होना मुश्किल है। कितने लोग उन पर ध्यान देते हैं, अभी विराट कोहली होना वाकई मुश्किल है।"

ऐसा लगा कोहली के बैट पर हर जगह किनारे बने हैं- आकाश चोपड़ा
कोहली का वर्तमान फॉर्म नवंबर 2019 के बाद से जारी है। उन्होंने नवंबर 2019 में ही कोलकाता के ईडन गार्डन में ऐतिहासिक पिंक-बॉल टेस्ट में बांग्लादेश के खिलाफ मैच जीतने वाले 136 रन बनाए थे। उसके बाद से आज तक उनके बैट ने शतक नहीं निकाला।
चोपड़ा ने आगे कहा, "आज, मुझे लगा कि कोहली के बैट पर हर जगह किनारे बने हुए हैं। उन्हें कुछ चौके मिले। वह सब कुछ करने की कोशिश कर रहे हैं। वह गेंद पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं। वह अपना समय ले रहे हैं। लेकिन यह काम नहीं कर रहा है। वह पहली गेंद पर दो बार आउट हुए। वह पहली 10 गेंदों में छह बार आउट हो चुके हैं।"












Click it and Unblock the Notifications