INDW vs SAW: फाइनल में बारिश का खतरा! मैच रद्द होने पर कौन बनेगा वर्ल्ड चैंपियन? क्या है नियम
INDW vs SAW Womens World Cup Final: रविवार यानी 2 नवंबर को डीवाई पाटिल स्टेडियम में नया वर्ल्ड चैंपियन मिलने वाला है। भारत और दक्षिण अफ्रीका आईसीसी महिला विश्व कप 2025 के फाइनल में भिड़ने के लिए तैयार है। भारत तीसरी बार फाइनल में पहुंचा है, जबकि दक्षिण अफ्रीका पहली बार इस मुकाम पर पहुंचा है। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद खास है, लेकिन एक बार फिर बारिश इस टूर्नामेंट में खलल डाल सकती है।
मैच के दौरान बारिश की आशंका (INDW vs SAW Womens World Cup Final)
टूर्नामेंट में पहले भी कई मैच बारिश से रद्द हो चुके हैं, जिसमें इसी मैदान पर भारत बनाम बांग्लादेश का मैच भी शामिल है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार मैच के दौरान 20-50 प्रतिशत बारिश की संभावना है, खासकर शाम 4 से 7 बजे के बीच 50 प्रतिशत से अधिक बारिश की आशंका है। हालांकि, अच्छी खबर यह है कि बारिश के कुछ घंटों तक ही रहने का अनुमान है, जिससे मैच में परिणाम आने की काफी उम्मीद है।

मैच रद्द होने पर कौन होगा विजेता
अंपायर पूरी कोशिश करेंगे कि मैच आज ही पूरा हो जाए, भले ही इसके लिए ओवरों को घटाना पड़े। परिणाम के लिए कम से कम 20 ओवर का खेल होना अनिवार्य है। यदि आज (रविवार) पर्याप्त खेल नहीं हो पाता है, तो मैच को सोमवार को रिजर्व डे पर पूरा किया जाएगा। खेल वहीं से शुरू होगा जहां वह रुका था। यदि रिज़र्व डे पर भी मौसम के कारण फाइनल में खेल संभव नहीं हो पाता है तो भारत और दक्षिण अफ्रीका दोनों को संयुक्त विजेता घोषित कर दिया जाएगा। हालांकि, इस संभावना को कम माना जा रहा है।
टॉस जीतकर गेंदबाजी करना चाहेगी टीमें
बारिश के खतरे और बादल छाए रहने के कारण, टॉस जीतने वाले कप्तान के लिए निर्णय लेना आसान होगा। कप्तान पहले गेंदबाजी करना चाहेंगे, क्योंकि गीला और ओवर कास्ट मौसम बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें पैदा कर सकता है। बार-बार रुकने और शुरू होने से बल्लेबाजों को सेट होने का मौका नहीं मिलेगा। ओवरों में कटौती होने की स्थिति में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को डर्कवर्थ-लुईस पद्धति का लाभ मिल सकता है।












Click it and Unblock the Notifications