लॉर्ड्स टेस्ट का हिसाब बराबर! भारत ने इंग्लैंड को उसी के घर में हराया, खुशी से झूमे फैंस
INDW vs ENGW, Deepti Sharma: लॉर्ड्स के मैदान पर कुछ दिन पहले ही भारतीय टीम को दिल तोड़ने वाली हार मिली थी। इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के पांचवें दिन भारतीय टीम जीत हासिल करने से महज 22 रनों से चूक गई थी। अब भारतीय महिला टीम ने शुभमन गिल की टीम का बदला लेते हुए इंग्लैंड को उसी के घर में पटखनी दे दी है। भारत की इस जीत में ऑलराउंडर खिलाड़ी दीप्ति शर्मा का सबसे बड़ा योगदान रहा।
भारतीय महिला टीम ने रचा इतिहास (INDW vs ENGW, Deepti Sharma)
दक्षिणैम्प्टन के रोज़ बाउल मैदान पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया। पहले वनडे मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 4 विकेट से हराकर वनडे क्रिकेट में इंग्लैंड के खिलाफ अपनी सबसे बड़ी रन चेज़ पूरी की। इस मुकाबले में गेंद और बल्ले दोनों से भारत की जीत में दीप्ति शर्मा और क्रांति गौड़ ने अहम भूमिका निभाई। सोशल मीडिया पर इन दोनों ही खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की जा रही है।

इंग्लैंड ने बनाए थे 258 रन
इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 258 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज़ों को जल्दी पवेलियन भेजकर भारत ने शानदार शुरुआत की। क्रांति गौड़ ने नए बॉल से दोनों ओपनर - टैमी ब्यूमोंट और एमी जोन्स को आउट किया। इसके बाद स्नेह राणा ने दो और अहम विकेट लेकर इंग्लैंड को बैकफुट पर ला दिया। हालांकि सोफिया डंकले (83 रन) और एलिस डेविडसन रिचर्ड्स (53 रन) ने अर्धशतकीय पारियां खेलते हुए टीम को संभाला। इंग्लैंड ने 50 ओवरों में 6 विकेट खोकर 258 रन बनाए।
भारत ने दर्ज की यादगार जीत
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत भी तेज़ रही, लेकिन लगातार अंतराल पर विकेट गिरते रहे। स्मृति मंधाना ने 28 रन बनाए, जबकि प्रतिका रावल और हरलीन देओल अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाईं। कप्तान हरमनप्रीत कौर भी सस्ते में आउट हो गईं। एक समय भारत की हालत नाजुक दिख रही थी। उसके बाद दीप्ति शर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स ने पारी को संभाला।
दोनों ने समझदारी से रन बनाए और बड़े शॉट भी लगाए। रोड्रिग्स 48 रन बनाकर आउट हुईं, लेकिन दीप्ति अंत तक डटी रहीं। उन्होंने 62 रन की नाबाद पारी खेली और वनडे क्रिकेट में भारत के लिए नंबर 6 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए सबसे बड़ी रन चेज़ पारी का रिकॉर्ड बनाया। अंत में अमनजोत कौर ने 14 गेंदों में तेज़ 20 रन बनाकर जीत दिला दी।












Click it and Unblock the Notifications