Asian Games: बांग्लादेश को हराकर फाइनल में पहुंची भारतीय महिला टीम, जानें गोल्ड के लिए किससे होगा मुकाबला
Asian Games 2023: चीन के हांगझोऊ में एशियन गेम्स 2023 की आधिकारिक शुरुआत के बाद भारत ने भी शानदार आगाज किया है। रोइंग और निशानेबाजी में सिल्वर मेडल के बाद 19वें एशियन गेम्स में भारत की महिला क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली है।
भारत ने सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को 8 विकेट से शिकस्त दी है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की महिला टीम महज 51 रनों पर सिमट गई, और भारत को जीत के लिए 52 रन का आसान टारगेट मिला। भारतीय टीम ने सिर्फ 8.2 ओवर में लक्ष्य को हासिल कर शानदार जीत दर्ज कर ली।

टीम इंडिया की ओर से जेमिमा रोड्रिग्स ने चौका लगाकर शानदार जीत दिलाई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की गेंदबाज पूजा वस्त्राकर ने पिंगफेंग क्रिकेट ग्राउंड में बांग्लादेश को हराने में अहम भूमिला निभाई। तेज गेंदबाज पूजा वस्त्राकर अपने चार ओवरों के कोटे में 17 रन देकर चार विकेट लेकर निर्णायक साबित हुईं।
पूजा वस्त्राकर के अलावा तितास साधु, राजेश्वरी गायकवाड़, अमनजोत कौर और देविका वैद्य ने एक-एक विकेट लेकर बांग्लादेश के स्कोर को 51 रन पर रोक दिया। जो भारत की महिलाओं के खिलाफ उनका सबसे कम टी20ई स्कोर रहा। जवाब में सलामी बल्लेबाजों स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा के आउट होने के बाद भी भारत ने 8.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया और कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया।
फाइनल में गोल्ड के लिए होगा भारत का मुकाबला
भारत ने मलेशिया के खिलाफ अपने पिछले मैच में शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए बारिश के कारण मैच खलल डालने से पहले शानदार प्रदर्शन किया था। बारिश के कारण मैच रद्द होने की स्थिति में बेहतर रैंकिंग के कारण इस मुकाबले में भारत को विजेता घोषित कर दिया गया। एशियाई खेलों में क्रिकेट के दिग्गजों के बीच एक जोरदार भिड़ंत होने के लिए तैयार है। फाइनल में अब भारत का मुकाबला गोल्ड मेडल के लिए पाकिस्तान या फिर श्रीलंका से होगा।












Click it and Unblock the Notifications