IND vs SA: हमारी छोरियां क्या छोरों से कम हैं? टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका को भारत ने बुरी तरह चटाई धूल
भारतीय पुरुष टीम ने दो दिन पहले ही टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में दक्षिण अफ्रीका को पराजित करते हुए बड़ा धमाका किया है। महिला टीम भी पीछे नहीं है। भारतीय महिला टीम ने भी धांसू प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीकी महिलाओं को टेस्ट मैच में बुरी तरह हराया है।
चेन्नई में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में भारतीय महिला टीम ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को फॉलोऑन दिया और चारों खाने चित कर दिया। हालांकि भारतीय टीम को पारी से जीत दर्ज करने में सफलता नहीं मिली लेकिन 10 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया।

भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने जमकर बैटिंग करते हुए दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों का धुआं निकाल दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 292 रन जोड़े, जो महिला टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक है।
मंधाना और शेफाली दोनों ने शतक जमाए। मंधाना 149 रन बनाकर आउट हो गई लेकिन शेफाली ने महिला टेस्ट में सबसे तेज दोहरा शतक बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। टेस्ट क्रिकेट में शेफाली वर्मा ने 20 वर्ष की उम्र में शतकीय पारी खेली और 205 रन पर आउट हुईं।
यहाँ से रोड्रिग्स, हरमनप्रीत और ऋचा घोष ने भी मोर्चा संभाला। तीनों ने अर्धशतक जमाए और टीम इंडिया का स्कोर 6 विकेट पर 603 रनों तक पहुंचाते हुए पारी घोषित की। यह महिला टेस्ट में सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में खेलते हुए दक्षिण अफ्रीका के लिए मारिजान कैप और सुने लुअस ने अर्धशतक जड़े। अन्य खिलाड़ी फ्लॉप रहीं और टीम 266 पर सिमट गई। स्नेह राणा ने 8 विकेट झटके।
यहाँ से भारत ने अफ्रीका को फॉलोऑन दिया। दूसरी पारी में अफ्रीका ने अच्छी बैटिंग की। लॉरा वुल्फार्ट ने 122 और लुने लुअस ने 109 रन बनाए और दक्षिण अफ्रीकी टीम 373 रन बना आउट हुई। जवाब में भारत ने दूसरी पारी में बिना कोई विकेट खोए 37 रन बनाए और मुकाबला 10 विकेट से अपने नाम कर लिया। स्नेह राणा को प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया।












Click it and Unblock the Notifications