भारत ने बड़ी जीत के बाद WTC पॉइंट्स टेबल में ऑस्ट्रेलिया को पछाड़ा, जानें किस नंबर पर है टीम इंडिया
WTC Points Table: राजकोट में इंग्लैंड के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम ने वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप की अंक तालिका में एक बड़ी छलांग लगाई है। अंक तालिका में इस मुकाबले के बाद परिवर्तन देखने को मिला है। टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को नीचे धकेल दिया है।
जब तीसरा टेस्ट शुरू हुआ था, उस समय टीम इंडिया की स्थिति अंक तालिका में तीसरे नम्बर पर थी। 434 रनों की बड़ी जीत के बाद मामला पूरी तरह से बदल गया। ऑस्ट्रेलिया की जगह अब भारतीय टीम ने ले ली है। टॉप तीन में दिलचस्प मुकाबला दिखाई दे रहा है।

ऑस्ट्रेलिया की टीम नम्बर दो पर थी लेकिन अब भारत ने इस स्थान पर कब्जा जमा लिया है और कंगारुओं को नम्बर तीन पर धकेल दिया है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीतने के बाद न्यूजीलैंड ने स्थिति मजबूत करते हुए पहला स्थान हासिल किया है।
टीम इंडिया ने वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के तीसरे साइकल में अब तक कुल 7 मैच खेलकर 4 में जीत दर्ज की है। 2 मैचों में हार मिली है और 1 मुकाबला ड्रॉ रहा है। न्यूजीलैंड ने 4 में से 3 जीत और 1 हार के साथ टॉप स्थान हासिल किया है। इंग्लैंड की स्थिति इस तालिका में सबसे खराब है।
इंग्लैंड ने अब तक कुल 8 मैच खेले हैं और 3 जीत के अलावा 4 हार का सामना किया है। 1 मुकाबला ड्रॉ समाप्त हुआ है। इंग्लैंड की टीम अंक तालिका में आठवें स्थान पर है। अभी भारत के खिलाफ इंग्लैंड के पास दो टेस्ट मुकाबले और हैं। तालिका में स्थिति सुधारने का मौका है।
राजकोट टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने इंग्लिश टीम को चारों खाने चित कर दिया और कोई मौका नहीं दिया। टीम इंडिया ने 434 रनों से जीत दर्ज की, टेस्ट में भारत की यह रनों के हिसाब से सबसे बड़ी जीत है। दूसरी तरफ इंग्लैंड की रनों के हिसाब से यह सबसे बड़ी हार है।












Click it and Unblock the Notifications