लाइव मैच में प्यार करना पड़ा भारी, गर्लफ्रेंड को मैसेज करते पकड़ा गया भारतीय क्रिकेटर, BCCI ने लिया जोरदार एक्शन
क्रिकेट के मैदान पर कई बार ऐसी घटनाएं सामने आ जाती हैं, जिनका अंदाजा मैच देखते हुए किसी को नहीं होता। तमिलनाडु प्रीमियर लीग के एक मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही हुआ। मैच चल रहा था और खिलाड़ी अपनी टीम के डगआउट में मौजूद था लेकिन उसकी एक ऐसी हरकत कैमरे और अधिकारियों की नजर में आ गई, जिसके बाद मामला जांच तक पहुंच गया।
मामला इतना बढ़ा कि BCCI की एंटी करप्शन यूनिट को भी इसमें दखल देना पड़ा। जांच के बाद खिलाड़ी के खिलाफ कार्रवाई हुई और उसे आर्थिक दंड भी भुगतना पड़ा। इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल अभी भी यही है कि आखिर वह खिलाड़ी कर क्या रहा था, जिसकी वजह से उसे नियमों का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया?

दरअसल मैच के दौरान खिलाड़ी ने मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया था। जांच में सामने आया कि वह फोन के जरिए अपनी गर्लफ्रेंड से बातचीत कर रहा था। हालांकि अधिकारियों ने इसे किसी तरह की मैच फिक्सिंग या भ्रष्टाचार से जोड़कर नहीं देखा है। मामला खिलाड़ियों के लिए बनाए गए प्रोटोकॉल के उल्लंघन का है।
BCCI की कार्रवाई के बाद खिलाड़ी पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन ने शुरुआत में इस मामले में दो साल के प्रतिबंध पर भी विचार किया था लेकिन बाद में इस फैसले को आगे नहीं बढ़ाया गया।
फिलहाल संबंधित खिलाड़ी का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। TNCA के एक अधिकारी के मुताबिक जांच पूरी होने तक उसकी पहचान सामने नहीं लाई जाएगी। इतना बताया गया है कि वह बाएं हाथ का बल्लेबाज है और पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में दो अर्धशतक लगा चुका है।
BCCI के नियमों के अनुसार प्लेयर एंड मैच ऑफिशियल एरिया में मोबाइल फोन, लैपटॉप या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होती। टीम एनालिस्ट को लैपटॉप इस्तेमाल करने की विशेष अनुमति रहती है। यही वजह है कि मैच के बीच मोबाइल का इस्तेमाल करना नियमों का उल्लंघन माना गया।


Click it and Unblock the Notifications
