IND vs SL: भारतीय टीम ने श्रीलंका को 15 रनों से चटाई धूल, सीरीज में 5-0 से किया सूपड़ा साफ़
India Women vs Sri Lanka Women: पांचवें टी20 मुकाबले में श्रीलंका ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। सीरीज के इस अहम मैच में भारतीय टीम ने अपने प्लेइंग इलेवन में एक बड़ा बदलाव किया। श्रीलंका के कप्तान के टॉस जीतते ही साफ हो गया कि मेहमान टीम भारत पर शुरुआत से ही दबाव बनाने की कोशिश करेगी, हालांकि ऐसा होने के बावजूद टीम इंडिया ने जीत दर्ज की।
इस मुकाबले में भारत के लिए 17 वर्षीय कमलिनी ने अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में डेब्यू किया। युवा खिलाड़ी को टीम में शामिल करना भारतीय टीम की भविष्य की तैयारी की ओर इशारा करता है। कमलिनी को कप्तान हरमनप्रीत कौर ने डेब्यू कैप सौंपी, जिससे यह पल उनके लिए यादगार बन गया।

कप्तान हरमनप्रीत कौर ने बताया कि स्मृति मंधाना और रेणुका सिंह ठाकुर को इस मैच में आराम दिया गया है। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ी कमलिनी आज अपना डेब्यू कर रही हैं, जबकि स्नेह राणा की टीम में वापसी हुई है। हरमनप्रीत के मुताबिक टीम मैनेजमेंट खिलाड़ियों के वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए रोटेशन कर रहा है और साथ ही युवा प्रतिभाओं को मौका देना चाहता है।
कौन हैं कमलिनी
जी कमलिनी तमिलनाडु से आने वाली 17 वर्षीय युवा क्रिकेटर हैं। वह बाएं हाथ की बल्लेबाज़ हैं और विकेटकीपिंग भी करती हैं, हालांकि अभी ऋचा घोष भी टीम में हैं। कम उम्र में ही कमलिनी ने अपनी प्रतिभा से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है और उनका डेब्यू भारतीय महिला क्रिकेट के भविष्य के लिए एक अहम संकेत माना जा रहा है।
भारतीय टीम की जीत
डेब्यू करने वाली कमलिनी को शेफाली वर्मा के साथ ओपन करने भेजा गया लेकिन वह 12 के स्कोर पर आउट हो गईं। शेफाली भी 5 रन बना चलती बनीं। 5 ओवर में भारत का स्कोर 2 विकेट पर 34 रन हो गया।
इसके बाद भारत ने एक के बाद एक विकेट गंवाए लेकिन मुश्किल स्थिति में टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने क्रीज का एक कोना पकड़कर बल्लेबाजी की और फिफ्टी जड़ने में सफल रहीं। उन्होंने 9 चौकों और 1 छक्के की मदद से 43 गेंदों में 68 रनों की पारी खेली।
निचले क्रम से अमनजोर कौर ने 21 और अरुंधति रेड्डी ने नाबाद 27 रन बनाते हुए टीम इंडिया का स्कोर 7 विकेट पर 175 रनों तक पहुंचा दिया। श्रीलंका के लिए कविशा, रश्मिका, चमारी अट्टापट्टू ने 2-2 विकेट झटके।
जवाबी पारी में खेलते हुए श्रीलंकाई टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए लेकिन हसिनी परेरा और इमेशा दुलानी ने अर्धशतक जड़कर टीम की उम्मीदें कायम रखीं। इन दोनों के आउट होने पर मामला ठंडा हो गया और श्रीलंकाई पारी 7 विकेट पर 160 तक सीमित रह गई और भारत ने इस मैच के साथ सीरीज 5-0 से अपने नाम कर ली।
श्रीलंका महिला (प्लेइंग XI)
हसीनी परेरा, चामरी अटापट्टू (कप्तान), इमेशा दुलानी, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, निलाक्षिका सिल्वा, रश्मिका सेवादंडी, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), निमाशा मदुशानी, इनोका रणवीरा, माल्की मदारा
भारत महिला (प्लेइंग XI)
शेफाली वर्मा, जी कमलिनी, ऋचा घोष (विकेटकीपर), हरमनप्रीत कौर (कप्तान), हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर, स्नेह राणा, अरुंधति रेड्डी, वैष्णवी शर्मा, श्री चरणी












Click it and Unblock the Notifications