WI vs IND: क्या तीसरे वनडे में भी नहीं खेलेंगे विराट कोहली? यहां जानिए आखिर क्या है सच
India vs West Indies Virat Kohli News: भारत को इस साल अपने घर पर वनडे वर्ल्ड कप में हिस्सा लेना है। इस वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम एशिया कप भी खेलने वाली है। फिलहाल टीम वेस्टइंडीज दौरे पर है और यहां वनडे सीरीज का आखिरी मैच खेलने की तैयारी कर रही है। पहले दो वनडे मुकाबलों में भारतीय बल्लेबाजों ने बेहद निराशाजनक प्रदर्शन किया है। ऐसे में तीसरे वनडे में टीम से बड़े स्कोर की उम्मीद होगी।
विराट कोहली को लेकर हो रही चर्चाएं: तीसरे वनडे से पहले टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को लेकर चर्चाओं का माहौल गर्म है। रोहित शर्मा और विराट कोहली दूसरे वनडे में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विराट कोहली तीसरे वनडे के लिए टीम के साथ त्रिनिदाद नहीं पहुंचे हैं। ऐसे में इस तरह के कयास लगाए जा रहे हैं कि कोहली तीसरे वनडे में भी प्लेइंग इलेवन से बाहर रह सकते हैं।

जानिए आखिर क्या है सच: आईएएनएस की एक रिपोर्ट के मुताबिक टीम के एक सूत्र ने पुष्टि की है कि कोहली तीसरे वनडे के लिए उपलब्ध रहेंगे। मंगलवार को होने वाले तीसरे और निर्णायक वनडे में कोहली हिस्सा लेंगे। वह टीम के साथ बाद में जुड़ेंगे। विराट कोहली टी-20 सीरीज का हिस्सा नहीं हैं, ऐसे में यह वेस्टइंडीज के खिलाफ इस दौरे पर उनका आखिरी मुकाबला होगा।
सोशल मीडिया पर फैंस पूछ रहे सवाल: विराट कोहली को टीम के साथ नहीं देखकर क्रिकेट फैंस लगातार सवाल पूछ रहे हैं। कुछ फैंस तो ऐसे कयास लगा रहे हैं कि कोहली भारत के लिए रवाना हो चुके हैं। जबकि कुछ का मानना है कि भारतीय टीम तीसरे वनडे में भी दूसरे वनडे मुकाबले में खेलने वाले खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतर सकती है। कोहली को लेकर सोशल मीडिया अफवाहों का माहौल बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications