IND vs WI: वेस्टइंडीज के खिलाफ कैसी होनी चाहिये भारत की वनडे टीम, गौतम गंभीर ने तैयार किया जीत का प्लान

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने 6 फरवरी से वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जाने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिये टीम सेलेक्शन से लेकर, खिलाड़ियों के खेलने के क्रम तक का चयन कर जीत का खाका तैयार कर लिया है। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली गई 3 मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से हार का सामना करने के बाद भारतीय टीम को अहमदाबाद और कोलकाता के मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैचों की वनडे और 3 मैचों की ही टी20 सीरीज की मेजबानी करनी है, जिसका आगाज 6 फरवरी से नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेली जाने वाली वनडे सीरीज के साथ होगा।
और पढ़ें: क्या IPL 2022 में ऑलराउंडर के रूप में लौटेंगे हार्दिक पांड्या, अब खुद दिया जवाब
साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में केएल राहुल की कप्तानी वाली भारतीय टीम को गेंदबाजी और खराब मध्यक्रम बल्लेबाजी के चलते क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद इस पूर्व ओपनर का मानना है कि अगर टीम इस प्लान को फॉलो करती है तो न सिर्फ उसे सीरीज में जीत मिलेगी बल्कि अगले साल भारत में खेले जाने वाले वनडे विश्वकप की नींव भी तैयार हो जायेगी।
और पढ़ें: BCCI बनाम विराट के मुद्दे पर कपिल देव ने दी खास सलाह, बताया कैसे खत्म हो सकता है पूरा विवाद

जडेजा-रोहित की वापसी से मजबूत बनेगी टीम
स्टार स्पोर्टस पर बात करते हुए गौतम गंभीर ने कहा कि एक बार इस भारतीय टीम में कप्तान रोहित शर्मा और ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की वापसी हो जायेगी तो चीजें काफी बेहतर हो जायेंगी। दोनों खिलाड़ियों को चोट की वजह से साउथ अफ्रीका दौरे से बाहर रहना पड़ा था। गंभीर का मानना है कि रोहित की वापसी के साथ ही केएल राहुल मध्यक्रम में लौट आयेंगे और बल्लेबाजी क्रम इससे ज्यादा मजबूत बन जायेगा।
उन्होंने कहा,'जाहिर सी बात है इस सीरीज के लिये रोहित और जडेजा की वापसी होगी और ऐसा होते ही केएल राहुल मध्यक्रम में लौट आयेंगे। भारत ज्यादा बेहतर टीम नजर आयेगी। इसकी वजह से भारतीय टीम के टॉप 5 बल्लेबाजी क्रम में रोहित शर्मा, केएल राहुल, शिखर धवन, विराट कोहली, केएल राहुल और ऋषभ पंत खेलते नजर आयेंगे जबकि नंबर 6 पर जडेजा बल्लेबाजी करेंगे। अगर नंबर 7 पर शार्दुल खेलेंगे तो भारतीय टीम की बल्लेबाजी में ज्यादा गहरायी नजर आयेगी।'

बुमराह को वेस्टइंडीज के खिलाफ देना चाहिये आराम
गौतम गंभीर ने आगे बात करते हुए इस बात पर जोर दिया कि वेस्टइंडीज के खिलाफ जसप्रीत बुमराह का वर्कलोड मैनेजमेंट करने के लिये उन्हें घरेलू सीरीज से आराम देना चाहिये और उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज जैसे गेंदबाजों को मौका देना चाहिये। गंभीर के अनुसार शार्दुल ठाकुर और दीपक चाहर को बॉलिंग ऑलराउंडर के रूप में रोटेट किया जा सकता है।
उन्होंने कहा,'मैं इस सीरीज में प्रसिद्ध कृष्णा को बरकरार रखना चाहूंगा भले ही परिस्थितियां कैसी भी हों, यहां तक कि सिराज भी..टीम को इन खिलाड़ियों का बेहतर इस्तेमाल करना चाहिये। अगर बुमराह को आराम दिया जाता है जो कि मेरे हिसाब से दिया जाना चाहिये तो सिराज और कृष्णा का इस्तेमाल किया जा सकता है और अगर वो ज्यादा रन लुटाते भी हैं तो इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि उन्हें अनुभव की जरूरत है। दीपक चाहर को भी शामिल करना चाहिये, उन्हें ठाकुर के साथ रोटेट किया जा सकता है।'

अगर ऐसा हो तभी मिले कुलदीप को वापसी का मौका
गौतम गंभीर ने इस दौरान भारत की स्पिन जोड़ी पर भी बता कि और कहा कि आर अश्विन को टीम से डॉप कर इस सीरीज के लिये जयंत यादव, युजवेंद्र चहल और रविंद्र जडेजा के साथ आगे बढ़ना चाहिये, हालांकि भविष्य के लिये कुलदीप यादव की वापसी पर भी ध्यान देना होगा। लेकिन कुलदीप की वापसी को लेकर उन्होंने जल्दबाजी करने के बजाय कुछ महीनों का इंतजार करने की बात कही जिसमें अगर उनके प्रदर्शन में सुधार होता है तभी वापसी करने का मौका दिया जाये।
उन्होंने कहा,'कुलदीप को वापसी का मौका मिलना चाहिये पर इतनी जल्दबाजी में नहीं क्योंकि कुलदीप बहुत ज्यादा क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं। अगर उन्हें वापसी करनी है तो पहले उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलना चाहिये और फिर आईपीएल, अगर वो यहां अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो उनकी वापसी के बारे में सोचा जा सकता है। जडेजा और अक्षर को मौका दिया जा सकता है और मैं जयंत यादव को भी बरकरार रखना चाहूंगा, उन्होंने खराब प्रदर्शन नहीं किया बल्कि कुछ मौके जरूर बनाये, जिसका फायदा टीम नहीं उठा सका। तो मेरे लिये जडेजा, जयंत और चहल टीम के 3 स्पिनर्स होंगे जबकि अक्षर अतिरिक्त गेंदबाज हो सकते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications